संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना सदर पुलिस ने करीब 19 वर्ष पहले यमुना पुल टैक्स बैरियर पर देसी कट्टे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी उत्तर प्रदेश के जिला शामली के गांव गंदराऊ निवासी इस्लाम उर्फ लांडा को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सदर थाना प्रभारी केवल सिंह ने बताया कि 16 अगस्त 2005 को टैक्स इंस्पेक्टर विपिन कुमार ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह 15 अगस्त की रात को टैक्स इंस्पेक्टर रेशम लाल व चपरासी राजिंद्र कुमार के साथ कलानौर के पास यमुना पुल टैक्स बैरियर पर ड्यूटी दे रहे थे। रात दो बजे कार्यालय की खिड़की पर दो आदमी आए। जिन्होंने चपरासी को पकड़ लिया और दो अन्य व्यक्ति गेट खोलकर अंदर घुस गए। आरोपियों ने उन पर कट्टा तान दिया। इस दौरान आरोपियों ने 46 हजार 760 रुपये लूट लिए।
इसके साथ ही आरोपियों ने टेबल पर रखा उसका मोबाइल व घडी भी लूट ली थी। वहां से फरार हो गए थे। पांच आरोपियों जिला मुजफ्फरनगर के तिसंग गांव निवासी आसिफ उर्फ गुड्डू, रियासत, एहसान उर्फ कल्लू, कैराना निवासी जाकिर उर्फ चूचूरी व मोहम्मद हनीफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन इस्लाम पकड़ में नहीं आया था। उसे भगोड़ा भी घोषित किया गया था। अब आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।