छछरौली। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खदरी के प्रांगण में राष्ट्रीय सेवा समिति के तत्वावधान में चल रहे सात दिवसीय विशेष राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का समापन हो गया। इसका मुख्य विषय आत्मनिर्भर भारत रहा। इस शिविर के अंतर्गत सात दिन स्वच्छता और व्यक्तित्व का विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियां करवाई गई। इसमें नशामुक्त भारत, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, डिजिटल इंडिया, सड़क सुरक्षा, कोविड-19 से संबंधित जानकारी, पर्यावरण सुरक्षा आदि विषयों को लिया गया। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खदरी के प्राचार्य मोहम्मद सलीम रहे। उनका स्वागत राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने मार्च पास करते हुए बड़े ही शानदार तरीके से किया। इसके पश्चात प्राचार्य महोदय मोहम्मद सलीम, एसीपी जयकुमार, प्राचार्य राजेंद्र धीमान, साहब सिंह और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी संजीव कुमार दुग्गल तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने मिलकर पौधारोपण किया। आज सातवें दिवस मंच का संचालन करते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी ने सात दिवस से चल रहे शिवर के बारे में विस्तार से बताया। इसके पश्चात महाविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी राकेश मक्कड़, लक्ष्मण सिंह, जय भगवान ने मुख्य अतिथि मोहम्मद सलीम को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। विद्या की देवी मां सरस्वती को फूल अर्पित करते इस कार्यक्रम का आरंभ किया गया। मुख्य अतिथि सलीम ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा तभी हो सकती है जब पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाएंगे। इस सदी में विकास के नाम पर पर्यावरण को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है जो कि हमारे लिए बहुत ही खतरनाक सिद्ध हो सकता है। इसलिए हमें पर्यावरण को सुरक्षित करने के लिए अनेक उपाय सोचने होंगे। जिससे पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाया जा सके। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना से संबंधित स्वयंसेवकों ने अनेक गतिविधियों में भाग लिया जैसे पोस्टर मेकिंग, कविता पाठ, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और गांव में जाकर कोविड-19 से संबंधित सर्वेक्षण किए और ग्रामीणों को कोविड-19 टीकाकरण से संबंधित जागरूक किया। इस अवसर पर कमलेश, नीरज, वंदना, आरती, मीनाक्षी, रेनू, सोहन लाल, प्रीतम आदि मौजूद रहे।