संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले के खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। उन्हें नजदीक के निजी व सरकारी शिक्षण संस्थानों और पंचायत व निजी खेल संस्थानों में अलग-अलग खेल नर्सरियां की सौगात मिलने जा रही हैं। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग ने संस्थानों में खेल नर्सरियां शुरू करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा है। मंजूरी मिलते ही खेल नर्सरियां शुरू होंगी।
गत वर्ष संस्थानों में कुल 33 खेल नर्सरियां शुरू हुई थीं, जिनमें कुश्ती की सात, एथलेटिक्स की छह, फुटबॉल की चार, वॉलीबॉल की चार, बास्केटबॉल की तीन, हॉकी की तीन, शूटिंग की दो और नेटबॉल, बॉक्सिंग, तलवारबाजी व स्वीमिंग की एक-एक नर्सरियां थीं। इससे पिछले वर्षों में भी संस्थानों में शुरू हुईं नर्सरियां की संख्या कम रही। इस बार 2025-26 सत्र में संस्थानों में शुरू होने वाली खेल नर्सरियां की संख्या गत वर्षों से कई गुना अधिक रहने की संभावना है। इस बार संस्थानों ने अपने यहां खेल नर्सरियां शुरू करने के लिए गत वर्षों से कई गुना अधिक आवेदन किए हैं।
आवेदन विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन लिए गए, जहां जिले से 122 आवेदन हैं। इन आवेदन करने वाले संस्थानों में विभागीय टीम ने फिजिकल वेरिफिकेशन कर रिपोर्ट तैयार की। इस रिपोर्ट सहित 122 संस्थानों में खेल नर्सरियां शुरू करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है, जहां से 15 अप्रैल के बाद कभी भी संस्थानों में खेल नर्सरियां शुरू करने की सौगात मिलने की उम्मीद है। प्रत्येक नर्सरी में ट्रायल से अधिकतम 25 खिलाड़ी चयनित होते हैं। इनमें चयनित 8-14 आयु वर्ग व 15-19 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को निशुल्क प्रशिक्षण के साथ अलग-अलग डाइट खर्च विभाग की ओर से प्रतिमाह देने का प्रावधान रहता है, बशर्ते उपस्थित पूरी हों।