संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम सदन की पहली बैठक से पूरे 50 दिन के अंतराल पर 12 जून को दूसरी बैठक होगी। पार्षदों को भेजी बैठक के एजेंडे की प्रति में सात वार्डों के प्रस्ताव नहीं हैं। इनमें वार्ड दो, चार, छह, आठ, 17, 21 व 22 शामिल हैं। हालांकि बैठक के दौरान भी मेयर की अनुमति से प्रस्ताव शामिल कराने का विकल्प है, पर मुख्य एजेंडे में उक्त वार्डों का एक भी प्रस्ताव न देख संबंधित वार्डों के कई लोग नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
वार्ड चार से पूर्व कांग्रेसी पार्षद देवेंद्र सिंह, वार्ड छह से आप नेता चिराग सिंघल, वार्ड आठ से पूर्व इनेलो पार्षद विनोद मरवाह ने कहा कि नगर निगम सदन की बैठक काफी दिनों के अंतराल में होती है, इसलिए इसके एजेंडे में हर वार्ड का प्रस्ताव शामिल होना चााहिए।
वार्ड एक से खेड़ा फार्म में नाले, जड़ौदी में आम्बेडकर भवन व नालागढ़ की माजरी में श्मशान घाट व गलियां बनाने के प्रस्ताव हैं। वार्ड तीन से मुखर्जी पार्क व राधा-कृष्णा कॉलोनी में सड़कों के निर्माण, वासुदेव कॉलोनी के खेड़ा मंदिर पर सामुदायिक भवन व दो कमरों के निर्माण, मानकपुर की टपरियों में सीवरेज व पेयजल लाइन डालने के प्रस्ताव हैं।
वार्ड पांच से कल्याणनगर, मधुबन कॉलोनी, भागीरथ कॉलोनी में जलनिकासी के लिए आईपीएस लगाने का प्रस्ताव है। वार्ड सात से गंदगी भरे कच्चे स्थान पर टाइल लगाने या उस पर ग्रीन बेल्ट बनाने, रूपनगर से पशु दूध डेयरियों को शिफ्ट करने के प्रस्ताव हैं।
वार्ड नौ से करतारपुरा, महावीर कॉलोनी, रामपुरा मार्केट, रविदास कॉलोनी, शास्त्री कॉलोनी, मधु कॉलोनी में जल निकासी के काम सहित रोड निर्माण व मरम्मत के प्रस्ताव हैं। वार्ड दस से सिटी सेंटर से चुन्ना भट्टी तक जाम नाले की सफाई, विश्वकर्मा मोहल्ला में नालियां बनाने, अशोका कॉलोनी में नालियां व गोबिंद राम स्कूल की सड़क व नालियां बनाने के प्रस्ताव हैं। वार्ड-11 से गधौली में हरिजन चौपाल, दड़वा में वाल्मीकि चौपाल के पुन:निर्माण, तेजली के मुख्य द्वार पर नाला पक्का करने, कावेरी गैस एजेंसी, हनुमान कॉलोनी, शांति कॉलोनी व यमुना घाट पर सड़क निर्माण के प्रस्ताव हैं। वार्ड-12 से बाडीमाजरा में नालों व सड़कों के निर्माण के प्रस्ताव है। वार्ड-13 से आंबेडकर भवन की चहारदिवारी, रसोईघर व शेड बनाने का प्रस्ताव है। वार्ड-14 से वाल्मीकि बस्ती में कम्युनिटी हाल व हमीदा में गढ़ी गुजरान में डाॅ. भीमराव आम्बेडकर भवन बनाने का प्रस्ताव है।
वार्ड-15 से महाराजा अग्रसेन चौक से शहीद भगत सिंह चौक तक सड़कों के सुंदरीकरण, लाजपतनगर व विजय कॉलोनी में नाले की सफाई छोटी पोकलेन मशीन से कराने के प्रस्ताव है। वार्ड-16 से चांदपुर में जल निकासी व सड़क निर्माण, सफाई के लिए हर वार्ड का टेंडर अलग लगाने का प्रस्ताव है।
वहीं गाबा अस्पताल से बूटर पेट्रोल पंप तक नाले का निर्माण व पंप से महाराणा प्रताप चौक तक सड़क किनारे टाइलें बिछाने, महाराणा प्रताप चौक से विष्णु नगर तक डेकोरेटिव लाइट लगाने, गांधीनगर में बंद किए रेल फाटक पर ओवरब्रिज बनाने के प्रस्ताव हैं।
वार्ड-18 से फर्कपुर के नानकनगर से जोड़ियों तक सड़क, खेड़ी रांगड़ान में गोशाला बनाने, औरंगाबाद से ईशोपुर तक सड़क बनाने के प्रस्ताव है। वार्ड-19 से फूसगढ़ में जमीन पर कब्जा दिलाने, वार्ड-20 से गुरु तेग बहादुर नगर से ससौली रोड, शिवपुरी-बी व सड़क निर्माण, प्रह्लादपुरी में ट्यूबवेल लगाने, मेन रोड पर श्रीबांके बिहारी लाल के नाम से द्वार बनाने के प्रस्ताव हैं।
बैठक के दौरान भी पार्षदों से उनके वार्डों में कराए जाने वाले कामों के प्रस्ताव लिए जाएंगे। सभी वार्डों में एक समान रूप से कार्य कराए जाएंगे। - सुमन बहमनी, मेयर, नगर निगम।