शहर की अनाजमंडी रोड पर स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी में रविवार को श्री खाटू श्याम व श्री सालासर हनुमान के दो दिवसीय मूर्ति स्थापना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंदिर के पुजारी अवध बिहारी पांडे की देखरेख में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने सभी के लिए मंगल कामना की। वहीं श्रद्धालुओं की ओर से श्री खाटूश्याम जी की प्रतिमा को लेकर कलश व शोभायात्रा आयोजित की गई। शोभायात्रा अनाजमंडी रोड से मंदिर परिसर से शुरू होकर रावल चौक, थाना चौक, कॉलेज रोड से होती हुई मंदिर परिसर में समाप्त हुई। इस अवसर पर पंडित अवध बिहारी पांडे व प्रधान संजीव धीमान ने बताया कि श्री खाटूश्याम व श्री सालासर हनुमान की मूर्ति स्थापना के लिए 2 दिवसीय कार्यक्रम में पहले दिन पूजा पाठ व शोभायात्रा का आयोजन किया गया है। वहीं दूसरे दिन सोमवार 28 अगस्त को सुबह 10 बजे हवन यज्ञ व मूर्ति स्थापना की जाएगी।