संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। युवाओं को रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 जनवरी 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान यमुनानगर में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला आयोजित किया जाएगा। जानकारी देते हुए उपायुक्त प्रीति ने बताया कि इस रोजगार मेले का शुभारंभ हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। मेला विभागीय निर्देशों के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ना है।
उपायुक्त ने बताया कि इस मेले में चंद्रपुर की प्रमुख कंपनियों लारक इंजीनियरिंग और ओरिएंटल इंजीनियरिंग सहित बद्दी व आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से वर्धमान, फर्म क्राफ्ट इंडस्ट्री, ब्लैक कोबरा, रुचिरा ग्रीन अर्थ, मानकपुर सहित करीब 14 प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी। ये कंपनियां योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर अप्रेंटिसशिप व रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी।
वहीं, आईटीआई यमुनानगर के प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह सांगवान ने बताया कि इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं और आईटीआई पास छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को संबंधित कंपनियों की ओर से ऑफर लेटर भी दिए जाएंगे। मेले में कुल 500 रिक्तियों के लिए चयन किया जाना प्रस्तावित है।