यमुनानगर। चांदपुर ऑटो मार्केट में 21 दुकानें बन कर तैयार हो गई है। इन दुकानों को नगर निगम ने किराए पर देने की तैयारी कर ली है। नौ अप्रैल को चांदपुर मार्केट में कार्यक्रम कर दुकानों को किराये पर दिया जाएगा। दुकानों को किराये पर लेने के इच्छुक व्यक्ति को 50 हजार रुपये की धरोहर राशि जमा करानी होगी। ऑटो मार्केट में केवल वाहन मरम्मत करने से संबंधित कार्य ही किया जाएगा।ऑटो मार्केट में शहर की सड़कों पर चल रही वाहन मरम्मत की दुकानें शिफ्ट होने से जाम की समस्या से निजात मिलेगी। ये जानकारी नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने दी।
उन्होंने बताया कि ऑटो मार्केट प्रोजेक्ट के तहत चांदपुर में 42 दुकानें बननी है। प्रथम चरण में यहां 21 दुकानें बन कर तैयार हो चुकी हैं। शहर के मुख्य बाजार में भी दो, तीन, चार पहिया वाहनों की मरम्मत की दुकानें चल रही हैं।
शहर के बीच रामपुरा कॉलोनी में रिहायशी क्षेत्र समीप ऐसी सैकड़ों दुकानें हैं। ऐसे ही डीएवी गर्ल्स कॉलेज से निरंकारी भवन तक दोनों ओर व जगाधरी में महाराजा अग्रसेन चौक से बूड़िया चौक तक, सहारनपुर कुरुक्षेत्र पर पुराना हमीदा से पश्चिमी यमुना नहर पुल तक ऐसी दुकानें चल रही हैं।
कई दुकानों के आगे फुटपाथ व सड़क किनारे वाहन मरम्मत का काम होता है, वहीं कई वाहन आधी सड़कों तक खड़े रहते हैं। इससे आवाजाही के लिए मार्ग संकरा हो जाने से जाम की स्थित बनी रहती है। इसी समस्या को ध्यान में रखकर ऑटो मार्केट प्रोजेक्ट के तहत दुकानें बनाई गई।
ऑटो मार्केट में दुकानें शिफ्ट होने से नगर निगम क्षेत्र में लगते हाईवे से लेकर शहरी सड़कों और बाजारों से अतिक्रमण व ट्रैफिक जाम को दिक्कत से मुक्ति मिलेगी, वहीं मार्केट में एक ही जगह वाहन चालकों को वाहन मरम्मत व उनके कलपुर्जे मिलने की सुविधा होगी।