जिले से लगते पड़ोसी राज्य में लिंग जांच गिरोह लगातार सक्रिय है। मंगलवार को अंबाला जिले की गर्भवती महिलाओं को सहारनपुर ले जाकर भ्रूण लिंग जांच करवाने का मामला सामने आया है। लिंग जांच करवाकर वापस लौट रहे एजेंट को यमुनानगर सीमा पर पहुंचते ही यमुनानगर व अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने पुलिस की मदद से पकड़ लिया। एजेंट के साथ तीन गर्भवती महिलाएं थी। इनमें अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा एजेंट को पकड़ने के लिए ग्राहक बनाकर भेजी गई थी।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सहारनपुर में सक्रिय भ्रूण लिंग जांच गिरोह से जुड़े एजेंट अंबाला से भी ग्राहकों को लिंग जांच के लिए सहारनपुर ले जाते हैं। अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम को इसकी भनक लगी। इसके बाद अंबाला सिविल सर्जन डॉ. विनोद गुप्ता के निर्देश पर एजेंट को पकड़ने की योजना तैयार की गई। अंबाला पीएनडीटी इंचार्ज डॉ. बीबी लाला व डॉ. नीतू ने एक गर्भवती महिला को ग्राहक बनाकर एजेंट से बात करवाई। एजेंट ने भ्रूण लिंग जांच के एवज में 15 हजार रुपये की डिमांड की। एजेंट ने मंगलवार को ग्राहक बनाई गई गर्भवती महिला को अंबाला के महेश नगर चौक पर बुलाया। गर्भवती महिला और उसके साथ एक सोशल वर्कर के साथ चौक पर खड़ी हो गई। कुछ देर बाद आल्टो कार में एजेंट आया। कार में दो गर्भवती महिलाएं पहले से मौजूद थी। एजेंट ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार की गई ग्राहक और उसके साथ मौजूद सोशल वर्कर को कार में बिठा लिया । इसके बाद वह यमुनानगर की ओर रवाना हो गया। अंबाला स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एजेंट का पीछा करना शुरू कर दिया।
यमुनानगर की टीम की ली मद्द
एजेंट की कार ने जब यमुनानगर सीमा में प्रवेश किया तो अंबाला की टीम ने यमुनानगर के सीएमओ डॉ. विजय गर्ग को दी। सीएमओ फौरन पीएनडीटी इंचार्ज डॉ. पुनीत व डॉ. चारू की टीम को लेकर रवाना हो गए। जगाधरी पहुंचने के बाद एजेंट ने कार सहारनपुर रोड की ओर मोड़ दी। दोनों जिलों की टीम उसके पीछे लगी रही। कलानौर चौक पर पहुंचने के बाद एजेंट ने सोशल वर्कर को उतरा दिया और तीनों गर्भवती महिलाओं को लेकर सहारनपुर चला गया। एजेंट की कार की स्पीड ज्यादा होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उसका पीछा नहीं कर पाई। दो घंटें बाद ग्राहक महिला ने लिंग जांच होने की बात फोन पर बताई और कहा कि वह वापिस आ रहे है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें कलानौर चौकी के बाहर इंतजार करने लगी। जैसी ही एजेंट कार लेकर आया पुलिस ने उसे रुकवा लिया। कार में मौजूद एजेंट व गर्भवती महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के अनुसार पकड़े गए एजेंट का नाम विनय कुमार है और वह अंबाला कैंट का रहने वाला है।
बाक्स-
-पकड़े जाने पर गर्भवती महिलाओं के उड़े होश-
एजेंट के कब्जे से 46 हजार रुपये बरामद किए गए। इनमें 15-15 हजार रुपये एजेंट ने दो गर्भवती महिलाओं से लिंग जांच करवाने के एवज में लिए थे। जबकि अंबाला स्वास्थ्य विभाग की ग्राहक से 16 हजार रुपये लिंग जांच के बदले लिए थे। ग्राहक द्वारा दिए गए नोटों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम के साइन किए हुए थे। पुलिस द्वारा एजेंट को पकड़े जानेे के बाद लिंग जांच करवाने वाली महिलाएं काफी घबरा गईं। स्वास्थ्य विभाग इन गर्भवती महिलाओं के खिलाफ भी पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाने में जुट गया है।
बाक्स-
कार बदल कर लेकर गए जांच करवाने
अंबाला स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार की गई ग्राहक के साथ आई सोशल वर्कर को एजेंट ने कलानौर चौकी के नजदीक उतार दिया । एजेंट केवल गर्भवती महिलाओं को लिंग जांच के लिए सहारनपुर लेकर गया। इतना ही नहीं सहारनपुर पहुंचने के बाद प्लानिंग के तहत गर्भवती महिलाओं को लिंग जांच की जगह तक ले जाया गया। अंबाला का एंजेट कार को सहारनपुर में एक जगह लेकर पहुंचा। कुछ देर बाद वहां मोटरसाइकिल पर दूसरा एजेंट आया और वह एक गर्भवती महिला को अपने साथ लेकर चला गया। कुछ दूर जाने के बाद मोटरसाइकिल सवार एजेंट ने गर्भवती महिला को एक कार में बिठा दिया। कार चालक गर्भवती महिला को लिंग जांच करने वाली जगह पर लेकर गया। महिला के भ्रूण लिंग की जांच करवाने के बाद कार चालक उसे मोटरसाइकिल तक और मोटरसाइकिल चालक उसे अंबाला के एजेंट की कार तक लेकर आया। इस तरह बारी-बारी से तीनों महिलाओं के भ्रूण के लिंग की जांच करवाई गई।
बाक्स-
..अब तक 12 मामले दर्ज, तीन के तार सहारनपुर से जुड़े-
जिला स्वास्थ्य विभाग अब तक पीएनडीटी और एमटीपी एक्ट के तहत 12 मामले दर्ज करवा चुका है। इनमें तीन मामले सहारनपुर में सक्रिय गिरोह से जुड़े हैं। इन तीन मामलों में अब तक करीब 10 की गिरफ्तारी हो चुकी है।
यह अब तक के मामले
2 जुलाई-स्वास्थ्य विभाग की टीम में साढौरा में एक आरएमपी को शर्तिया लड़का होने की दवा बेचने के आरोप में पकड़ा। उसके खिलाफ पीएनडीटी एक्ट के खिलाफ कार्रवाई की गई।
2 जुलाई-रंजीतपुर में अवैध रूप से गर्भपात करने वाली एक महिला के खिलाफ एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन आफ प्रेगनेंसी) एक्ट और आईएमसी(इंडियन मेडिकल काऊंसिल) एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। उसके घर से गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली दवाएं मिली थी।
2 जुलाई- जगाधरी वर्कशाप क्षेत्र के गुरू तेग बहादुर नगर में एक दवा विक्रेता के खिलाफ आईएमसीए एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। दवा विक्रेता के स्टोर पर कुछ एक्सपाइरी दवाएं और लूज सीरींज, पट्टी का सामान और कुछ दवाइयों के खुले पत्ते मिले थे।
7 जुलाई-स्वास्थ्य विभाग की टीम में योजना बनाकर सहारनपुर में लिंग जांच और कन्या भ्रूण का गर्भपात करने वाले एक यूनानी डाक्टर और उसके एक दलाल को गिरफ्तार करवाया। दोनों के खिलाफ पीएनडीटीएक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इस डाक्टर के क्लीनिक से अवैध रूप में इस्तेमाल की जा रही अल्ट्रासाऊंड मशीन बरामद हुई, जिसे सील कर दिया गया।
31 जुलाई-जगाधरी स्थित एसपी अस्पताल की लेडी डाक्टर सोना गोयल को लिंग जांच करते पकड़ा गया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर योजना बनाकर की गई। आरोपी डाक्टर से लिंग जांच करवाने के एवज में लिए गए 15 हजार रुपये भी बरामद किए गए। डाक्टर के खिलाफ पीएनडीटी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
9 अगस्त-स्वास्थ्य विभाग की टीम ने साढौरा के सादिकपुर गांव में एक फर्जी महिला डाक्टर को गर्भपात करवाते रंगे हाथों पकड़ा। महिला के पास से गर्भपात करने की गोलियां, गर्भपात में इस्तेमाल होने वाले औजार व ग्लूकोज की बोतलें बरामद हुईं।
25 अगस्त-स्वास्थ्य विभाग की टीम ने साढौरा के गांव सैदपुर में एक महिला को गर्भपात की दवा देते रंगे हाथों पकड़ा। टीम ने एक फर्जी ग्राहक को महिला के पास भेजा था।
20 सितंबर-स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नकली ग्राहक बनाकर भ्रूण लिंग जांच और गर्भपात कराने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को विश्वकर्मा चौक के नजदीक काबू किया। आरोपी नकली ग्राहक को भ्रूण लिंग जांच के लिए सहारनपुर ले जा रहे थे। शक होने पर आरोपियों ने नकली ग्राहक बनी महिलाओं को गला दबाने का प्रयास किया।
21 सितंबर-स्वास्थ्य विभाग की टीम ने खिजराबाद क्षेत्र में एक पंसारी को शर्तिया लड़का होने की दवा देते काबू किया। यहां भी स्वास्थ्य विभाग ने नकली ग्राहक भेजकर पंसारी को पकड़ा।
2 अक्तूबर-स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दो आशा वर्करों और निजी अस्पताल के एक लैब टेक्रीशियन को भ्रूण लिंग जांच के आरोप में पकड़ा। इन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा भेजे गए नकली ग्राहक से भ्रूण लिंग जांच के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की थी।
10 अक्तूबर-स्वास्थ्य विभाग और फर्कपुर पुलिस ने विश्वकर्मा चौक पर एक युवक को गर्भपात की दवा के साथ काबू किया। युवक स्वास्थ्य विभाग द्वारा भेजे गए एक नकली ग्राहक को यह दवा देने सहारनपुर से आया था।
बॉक्स
पुलिस ने नहीं किया मामला दर्ज , कहा अंबाला पुलिस का मामला
लिंग जांच से जुड़े एजेंट को पकडने के बाद कलानौर चौकी पुलिस ने देर शाम तक कोई मामला दर्ज नहीं किया। कलानौर चौकी इंचार्ज राय सिंह ने कहा कि यह मामला व आरोपी अंबाला का है और लिंग जांच सहारनपुर में हुई है। इसलिए एफआईआर अंबाला या सहारनपुर में ही दर्ज हो सकती है।