यमुनानगर। डीएवी पब्लिक स्कूल प्रोफेसर कॉलोनी के 24 एनसीसी कैडेट ने सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगाधरी में दो से 11 जून तक आयोजित एनसीसी शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रांजल को गर्ल्स वर्ग में सर्वश्रेष्ठ कैडेट के पुरस्कार से भी नवाजा गया।
14 हरियाणा बटालियन यमुनानगर के तत्वावधान में आयोजित शिविर का नेतृत्व कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज पारेख, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल कुमुद मैनी, एएनओ फर्स्ट ऑफिसर विनोद कुमार और सूबेदार मेजर जसवंत सिंह ने किया। इस दौरान कैडेट को सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला।
इसके अलावा नशा मुक्ति, बाल संरक्षण, अंगदान, पॉक्सो अधिनियम, साइबर सुरक्षा, जल संरक्षण विषयों पर व्याख्यान भी आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं में डीएवी स्कूल के कैडेट ने शानदार प्रदर्शन किया।