संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सोशल मीडिया पर राजपूत समेत 36 बिरादरी और सिख धर्म के गुरुओं को आपत्तिजनक बातें बोलने के मामलों में पुलिस ने पोस्ट डालने वाले पर केस दर्ज किया है। एक मामला बिलासपुर थाना में दर्ज किया गया। वहीं दूसरा मामला शहर जगाधरी पुलिस ने दर्ज किया है।
बिलासपुर में तैनात सुरक्षा एजेंट अशोक कुमार ने बताया कि उनके मोबाइल पर फेसबुक की आईडी से एक पोस्ट वायरल होकर आई। कैलाश चंद नाम से बनी आईडी से यह पोस्ट वायरल की गई। पोस्ट में राजपूत गुर्जर सहित 36 बिरादरी को गालियां दी गईं। साथ ही अभद्र टिप्पणी की गई। यहां तक लिखा गया कि अपने इतिहास से पहचान मिटाओ। इसके अलावा अन्य आपत्तिजनक बातें लिखी हुई हैं। इस तरह की पोस्ट से सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ रहा है। इस शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने कैलाश चंद नाम के व्यक्ति पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
इधर, जगाधरी में भी इस आईडी से एक अन्य पोस्ट सिख धर्म के गुरुओं के बारे में की गई है। जिससे सिख समुदाय में रोष बना हुआ है। यह पोस्ट भी कैलाश चंद की आईडी से की गई है। इस संबंध में सिख समुदाय के लोग बूड़िया गेट चौकी में पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी।
जाेहड़ीपुरा मोहल्ला निवासी सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनके धर्म व गुरुओं के बारे में आपत्तिजनक बातें फेसबुक पर लिखी गई है। कैलाश चंद नाम के व्यक्ति ने यह आपत्तिजनक बातें लिखी हैं। इससे उनकी भावनाएं आहत हुई है। शहर जगाधरी थाना पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।