संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। बोर्ड कक्षाओं का परिणाम आने के साथ ही महाविद्यालयों में दाखिले शुरू हो गए। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से कॉलेजों में दाखिलों का शेड्यूल भी जारी कर दिया गया है। सोमवार से रजिस्ट्रेशन के लिए कॉलेज का पोर्टल भी खोल दिया गया। कॉलेजों विद्यार्थियों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के साथ ही अन्य प्रबंध किए जा रहे हैं।
पंजीकरण के लिए विभाग की ओर से 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। दाखिले मेरिट के आधार पर मिलेगे। पहली व दूसरी मेरिट लिस्ट के बाद तीसरे चरण में काउंसलिंग की जाएगी। जिसमें विद्यार्थियों के दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
राजकीय महाविद्यालय अहड़वाला व्यासपुर की प्राचार्या डॉ. सर्वजीत कौर ने बताया कि दाखिले का पोर्टल खुल गया है। कोई भी विद्यार्थी पंजीकरण करवा सकता है। विद्यार्थी स्वयं से ऑनलाइन व कॉलेज पहुंचकर भी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
जिले में पांच सरकारी महाविद्यालय, आठ एडेड कॉलेज और दो सेल्फ फाइनेंस कॉलेज भी हैं। इसके अतिरिक्त प्रबंधन एवं तकनीकी संस्थान, इंजीनियरिंग कॉलेज, बहुतकनीकी संस्थान, फॉर्मेसी कॉलेज भी हैं।