मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को जिलावासियों को 129 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी। सीएम ने हरियाणा दिवस पर मॉडल टाउन के दशहरा ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उन्होंने सरस्वती शुगर मिल को शहर से 10 किलोमीटर दूर स्थापित करने, फव्वारा चौक से अग्रसेन चौक तक सड़क को सुदृढ़ करने के लिए 6.5 करोड़ रुपये, विजय कॉलोनी में बने आरओबी के साथ सीसी ब्लॉक का अंडरपास बनाने तथा 15 करोड़ रुपये की लागत से आरयूबी बनाने की घोषणा की।
इसके अलावा सीएम ने जिन योजनाओं की घोषणा की, उनमें 20 करोड़ रुपये की लागत से फतेहपुर-बाईपास यमुनानगर, दादूपुर नलवी नहर के साथ-साथ 16 करोड़ रुपये की लागत से कैल-छछरौली मार्ग, हमीदा हेड से पांजूपुर सड़क मार्ग का निर्माण, नगर निगम यमुनानगर तथा जिला परिषद के गांवों के लिए 26 करोड़ रुपये, चांदपुर 66 केवी सबस्टेशन के अपग्रेेडेशन के लिए 2.50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इसके अलावा शादीपुर-पांसरा-कलानौर तक सड़क मार्ग के लिए 3 करोड़ रुपये, बाड़ी माजरा पुल तथा घाट के लिए 15 करोड़ रुपये, पश्चिम यमुना नहर पर सीता मंदिर तक पांच करोड़ रुपये से ड्रेनेज सिस्टम सुदृढ़ करने का काम शामिल है।
इसके अलावा गांवों में ड्रेनेज सिस्टम के लिए पांच करोड़ रुपये, यमुनानगर नगर निगम के लिए दस करोड़ रुपये तथा यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्यों के लिए हरियाणा ग्रामीण विकास निधि से पांच करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करना शामिल है।
खट्टर ने सरस्वती नदी के उद्गम स्थल आदिबद्री को विश्व स्तर के सांस्कृतिक पर्यटक केंद्र के रूप में विकसित करने तथा जिले के लोहगढ़ गांव में बंदा वीर बैरागी का स्मारक बनाने की घोषणा की। शिवालिक क्षेत्र को प्राकृतिक संसाधनों का क्षेत्र बताते हुए मुख्यमंत्री ने कालका से कलेसर तक इस पर्वतीय क्षेत्र को पर्यटन, सिंचाई व वन विकास के रूप में विकसित करने की घोषणा की।
इसके लिए पर्यटन, सिंचाई व वन विभागों को परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा।
मुख्यमंत्री ने सरकार की एक वर्ष की गतिविधियों पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। उन्होंने महिला एवं बाल विकास द्वारा लगाई गई बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ प्रदर्शनी में विशेष रुचि दिखाई।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर अपने हस्ताक्षर कर लोगों में इसके प्रति संवेदनशील रहने का संदेश दिया। सीएम ने नगर निगम द्वारा आरंभ किए जा रहे ऑनलाइन सिस्टम का शुभारंभ भी किया। खट्टर ने एक वर्ष के कार्यकाल के दौरान सरकार की प्रमुख गतिविधियों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि कम पढ़े-लिखे युवाओं को भी रोजगारपरक बनाने के लिए कौशल विकास विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है।
इस मौके पर उनके साथ विस अध्यक्ष कंवरपाल गुर्जर, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्णदेव कांबोज, खनन व भू-विज्ञान राज्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश विर्क, श्याम सिंह राणा और विभिन्न हलकों के विधायक मौजूद रहे।
इसके अलावा विधायक ज्ञानचंद गुप्ता, डॉ. पवन सैनी, यमुनानगर नगर निगम की मेयर सरोज बाला, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार अमित आर्य, ओएसडी अमेंद्र सिंह, डीसी डॉ. एसएस फुलिया, एसपी डॉ. अरुण नेहरा, भाजपा नेत्री रोजी आनंद मलिक, दाताराम, भाजपा नेरत्री व पाषर्द संगीता सिंघल मौजूद रहीं।
एक साल में यमुनानगर में 11वां दौरा
सीएम ने पिछली सरकार पर चुटकी लेते हुए कहा कि यह संयोग ही है कि एक वर्ष के कार्यकाल में मुख्यमंत्री के रूप में यमुनानगर जिले में उनका यह 11वां दौरा है, जबकि पिछली सरकार के 10 वर्ष के कार्यकाल में मुख्यमंत्री का दौरा शायद ही 4-5 से अधिक बार का नहीं रहा होगा। उन्होंने लोगों से भ्रष्टाचार को जड़मूल से फेंक देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने गन्ना उत्पादक किसानों की समस्याओं को देखते हुए प्राइवेट क्षेत्र की राज्य की तीन चीनी मिलों सरस्वती शुगर मिल यमुनानगर, नारायणगढ़ शुगर मिल तथा भादसो शुगर मिल भादसो को ऋण उपलब्ध कराए हैं, ताकि किसानों की अदायगी की जा सके। एक दिसंबर से सरस्वती शुगर मिल यमुनानगर में पेराई शुरू हो रही है।
जनप्रतिनिधियों ने रखीं अपने-अपने क्षेत्र की मांगें
समारोह को मुख्य संसदीय सचिव बख्शीश विर्क, श्याम सिंह राणा, साढौरा विधायक बलवंत सिंह व यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने भी संबोधित किया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र की मांगें रखीं, जिन पर संज्ञान लेते हुए सीएम ने अधिकतर मांगों को मौके पर ही स्वीकृति प्रदान की। विधानसभा अध्यक्ष कंवरपाल ने कहा कि सीएम जिले को अपनी कर्मभूमि मानते हैं। जहां भी मुख्यमंत्री जाते हैं, उसी जिले के लोग सीएम को अपने जिले का मुख्यमंत्री मानते हैं। यही उनकी खूबियां हैं कि वे प्रदेश के ढाई करोड़ लोगों को अपना परिवार मानते हुए सबका विकास-सबका विकास के सिद्धांत पर चलते हुए कार्य कर रहे हैं।
इन परियोजनाओं का शिलान्यास
रैली स्थल से ही सीएम ने कुल आठ परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें 11.50 करोड़ रुपये की लागत से खजूरी रोड का विस्तारीकरण, 8.50 करोड़ रुपये की लागत से शादीपुर से सहारनपुर-कुरुक्षेत्र सड़क मार्ग पर सीवरेज प्रणाली, 23.50 करोड़ रुपये की लागत से खिजराबाद-बिलासपुर रोड, 4.20 करोड़ रुपये की लागत से बिलासपुर व रादौर का नया बस स्टैंड, 2.10 करोड़ रुपये की लागत से जिला पंचायत संसाधन केंद्र, 3.46 करोड़ रुपये की लागत से मधु चौक से कन्हैया चौक की सड़क को चार मार्गी बनाने तथा 8.51 करोड़ रुपये की लागत राजकीय बहुतकनीकी संस्थान राजपुर के भवन की आधारशिला रखा जाना शामिल है।
महाराज कृष्ण पुरी से मिले खट्टर
सीएम कार्यक्रम के उपरांत आरएसएस के पुराने सहयोगी रहे महाराज कृष्ण पुरी से मिलने उनके नेहरू पार्क के पास स्थित घर पर पहुंचे। महाराज कृष्ण पुरी की कुछ समय से तबीयत खरब चल रही है, इसी के चलते खट्टर ने यमुनानगर आगमन पर उनसे मिलने का मन बनाया। सीएम आरएसएस के प्रदेश संचालक रहे व सरस्वती नदी शोध संस्थान के अध्यक्ष दर्शनलाल जैन से भी कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से मिले।
शिक्षामंत्री व सांसद के दिखे केवल नाम
सीएम की जनसभा के दौरान विभिन्न परियोजनाओं पर शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, अंबाला सांसद रतनलाल कटारिया के नाम लिखे थे, लेकिन वे पूरे कार्यक्रम से नदारद रहे। जबकि जनसभा संबंधी विभिन्न बैनर व पंफ्लेट पर भी उनके नाम लिखे मिले, जिनमें कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षामंत्री रामबिलास शर्मा द्वारा किए जाने की बात लिखी थी।