संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एनआरआई राकेश कपूर की प्रॉपर्टी फर्जीवाड़े के मामले के बाद अब पुलिस ने प्रोफेसर काॅलोनी स्थित प्राॅपर्टी बेचने के मामले में शहर थाना पुलिस ने एडीएम कार्यालय के कर्मी राममेहर समेत चार आरोपियों को प्रोडक्शन रिमांड पर लिया है। पुलिस चारों आरोपियों एसडीएम कार्यालय के कर्मी राममेहर, प्राॅपर्टी डीलर अश्विनी कुमार, दिल्ली निवासी परमजीत कौर व उर्दू अनुवादक इस्लाम से पूछताछ कर रही है। पुलिस चारों आरोपियों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी।
प्रॉपर्टी कॉलोनी में फर्जीवाड़ा कर बेचे मकान के मामले में शहर थाना पुलिस ने सितंबर 2023 में केस दर्ज किया था। इसमें आरोपी परमजीत कौर ने प्रोफेसर कालोनी में एक मकान के दस्तावेज बदलकर लगभग 50 लाख रुपये में बेच दिया था। मामला तब खुला। जब मकान खरीदने वाले वहां पर कब्जा करने गए। जिसको लेकर विवाद हुआ।अदालत में भी केस चला।
बाद में अदालत के आदेश के मकान के चौकीदार राजकुमार की शिकायत पर विक्रम अग्रवाल, दिल्ली निवासी संजय अग्रवाल, आंचल, कंचन व अन्य पर केस दर्ज हुआ था। तफ्तीश करते हुए पुलिस ने नगर निगम व तहसील से रिकार्ड जुटाया। जिसमें पता लगा कि परमजीत कौर ने इस मकान को अपना बताकर विक्रम व अन्य को बेचा था। इस प्राॅपर्टी को बेचने में भी उर्दू अनुवादक इस्लामूद्दीन उर्फ इस्लाम की मिलीभगत थी।
उसके माध्यम से ही प्राॅपर्टी की आईडी बदलवाई गई और जनरल पावर ऑफ अटार्नी तैयार कर बेची गई थी। जिसके बाद से ही पुलिस इन आरोपियों की तलाश में लगी हुई थी। हालांकि इससे पहले ही आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने इन्हें दूसरे केस में दबोच लिया। अब प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर इनसे पूछताछ की जा रही है।