व्यासपुर। ऐतिहासिक कपालमोचन मेले की तैयारियों के बीच इस बार बजट और सुरक्षा व्यवस्था प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती है। सरकार ने मेले की व्यवस्थाओं के लिए दो करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसमें से 48.68 लाख रुपये पिछले वर्ष के लंबित बिलों के भुगतान में खर्च होंगे। ऐसे में वर्तमान मेले की व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन के पास 1.51 करोड़ रुपये ही बचेंगे। दूसरी ओर लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने बहुस्तरीय इंतजाम किए हैं। भगदड़ की आशंका वाले आठ संवेदनशील स्थान चिह्नित किए गए हैं, जबकि पांच वाच टावरों से मेला क्षेत्र की निगरानी की जाएगी।
इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार करना प्रशासन के लिए चुनौती रहेगा। श्राइन बोर्ड की ओर से हर वर्ष स्थायी शौचालयों की संख्या बढ़ाई जा रही है। अन्य मूलभूत सुविधाओं में भी जरूरत के अनुसार इजाफा किया जा रहा है। इस बार मेले के लिए जारी दो करोड़ रुपये में से 48,68,440 रुपये वर्ष 2025 के लंबित बिलों के भुगतान में खर्च होंगे। इसके बाद 1,51,31,560 रुपये वर्तमान मेले की व्यवस्थाओं के लिए बचेंगे। पिछले वर्ष मेले पर कुल 1,50,93,440 रुपये खर्च हुए थे। मेला प्रशासक डॉ. कुलदीप सिंह ने बताया कि श्राइन बोर्ड मेले के आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन की ड्यूटी लगा दी गई है।
बम निरोधक दस्ते और क्यूआरटी की भी रहेगी तैनाती
मेला क्षेत्र में बम निरोधक दस्ता, वाटर कैनन, आंसू गैस दस्ता, डोर फ्रेम डिटेक्टर, एंटी सबोटाज बम डिस्पोजल स्क्वाड व क्यूआरटी के जवान तैनात रहेंगे। जेबकतरी और चेन स्नैचिंग जैसी वारदात रोकने के लिए संदिग्ध अपराधियों के फोटो मेला पुलिस लाइन, पुलिस चौकियों और मेला क्षेत्र में लगाए जाएंगे। बलिदानी उधम सिंह चौक, पुलिस चौकी नंबर चार व पांच के सामने, कपालमोचन सरोवर और गुरुद्वारे के सामने पांच वाच टावर स्थापित किए गए हैं। यहां तैनात पुलिसकर्मी दूरबीन और वॉकी-टॉकी से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
भगदड़ रोकने के लिए आठ स्थान चिह्नित
पुलिस ने गुरुद्वारा व दशमेश स्कूल के पास गऊ-बच्छा मार्ग, गऊ-बच्छा घाट, ट्यूबवेल टी-प्वाइंट, चौकी नंबर नौ जाने वाले रास्ते, चौकी नंबर नौ के सामने, डीएवी स्कूल के सामने, ऋणमोचन सरोवर का मोड़, गुरुद्वारे की दीवार के साथ का रास्ता, रणजीतपुर मार्ग और सूरजकुंड के मुख्य निकास द्वार पर विशेष निगरानी की योजना बनाई है। इन स्थानों पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी रहेगी।
20 नवंबर से लगेगी ऐतिहासिक खच्चर मंडी
मेले में 20 नवंबर से ऐतिहासिक खच्चर मंडी भी शुरू होगी। इसके लिए चौराही मार्ग पर पांच एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की योजना है। राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न जिलों से पशुपालक यहां पहुंचेंगे। वे पशुओं की खरीद-बिक्री के साथ नस्ल सुधार के उद्देश्य से भी मंडी में आते हैं। प्रजापति धर्मशाला कपालमोचन प्रधान वीरभान ने बताया कि मंडी की व्यवस्था के लिए मेला प्रशासन और पशुपालन विभाग के अधिकारियों से बातचीत हुई है। जमीन पर मेले से पहले बिजली और पानी की व्यवस्था की जाएगी। पशुपालकों के ठहरने और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में प्रजापति धर्मशाला भी सहयोग करेगी। संवाद
-
कपालमोचन मेला परिसर में तैयार किया जा रहा पंडाल। संवाद
कपालमोचन मेला परिसर में तैयार किया जा रहा पंडाल। संवाद