संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। कभी हाथ से फिसलकर तो कभी भीड़ में गुम हुए मोबाइल फोन, जिनके साथ लोगों की यादें, जरूरी दस्तावेज और निजी दुनिया जुड़ी होती है, उनके दोबारा मिलने की उम्मीद बहुत कम रह जाती है।
साइबर सेल ने तकनीकी सूझबूझ और सतत प्रयासों से करीब 10 लाख रुपये कीमत के 64 गुमशुदा मोबाइल फोन ढूंढकर उनके असली मालिकों तक पहुंचाए। एडिशनल एसपी अमरिंदर सिंह ने अपने कार्यालय में मोबाइल मालिकों को उन्हें सौंपे। जैसे ही लोगों ने अपने मोबाइल हाथ में लिए, कई चेहरों पर राहत और खुशी साफ नजर आई।
किसी के लिए मोबाइल केवल एक उपकरण नहीं, बल्कि बच्चों की तस्वीरें, परिवार की यादें, जरूरी संपर्क और जीवन की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ा सहारा था। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया और साइबर सेल टीम की खुले दिल से सराहना की। एडिशनल एसपी अमरिंदर सिंह ने कहा कि गुमशुदा मोबाइल अक्सर अपराधी किस्म के लोगों के हाथ लग जाते हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी, साइबर अपराध और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में किया जाता है।
ऐसे में मोबाइल का वापस मिलना न केवल मालिक के लिए राहत है, बल्कि समाज को संभावित अपराध से बचाने का माध्यम भी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन को सुरक्षित रखें, अनजान लोगों को न सौंपें और गुम होने की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। इस अभियान में साइबर सेल प्रभारी एएसआई सुनील कुमार सहित पूरी टीम की भूमिका सराहनीय रही।