संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। कलेसर क्षेत्र के लाल ढांग मार्ग पर ऊंचाई से उतरते हुए रेत-बजरी से भरे दो ट्रक आपस में भिड़ गए। इस हादसे में एक ट्रक सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर गया। जबकि दूसरा ट्रक सड़क पर ही पलटते-पलटते बचा। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, इससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
राहगीरों ने बताया कि लाल ढांग मार्ग पर ऊंचाई से उतरते समय भारी ट्रकों पर नियंत्रण मुश्किल हो जाता है। इस दौरान खनन सामग्री से लदे दो ट्रक आमने-सामने आ गए और भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यातायात नियंत्रित किया और जाम खुलवाया गया।
लोगों का आरोप है कि कलेसर लाल ढांग मार्ग पर आए दिन इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से यहां जाम की स्थिति बनी रहती है। संकरा मार्ग, तीखे मोड़ और ऊंचाई के कारण दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने प्रशासन से कलेसर लाल ढांग मार्ग को चौड़ा करने, सुरक्षा रेलिंग लगाने और भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग की है।