यमुनानगर। पुलिस ने दो स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब की 216 बोतल पकड़ी है। इस दौरान एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जबकि एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
थाना छप्पर प्रभारी रायसिंह ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली थी कि ऊंचा चांदना निवासी रवि कुमार काफी दिनों से अवैध शराब बेचने का काम करता है। वह बिना बिल और परमिट के अवैध शराब लाकर अपने गांव व आस पास के क्षेत्रों में शराब बेचता है। इस समय वह कार से शराब के साथ अपने गांव आ रहा है। इस सूचना पर उन्होंने नाकाबंदी कर की। कुछ देर बाद उन्हें एक कार आती दिखाई दी। जिसका चालक पुलिस पार्टी को देखकर कार छोड़ कर भाग गया। कार की तलाशी लेने पर कार से अवैध शराब की 192 बोतल बरामद हुई, लेकिन कार से कोई बिल व परमिट नहीं मिला। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।इसी तरह थाना बुड़िया की पुलिस टीम ने सूचना पर गांव सुघ से एक व्यक्ति को अवैध शराब सहित काबू किया। जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से अवैध शराब की 24 बोतल बरामद की। आरोपी की पहचान गांव सुघ निवासी गुरविंदर सिंह के रूप में हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।