संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने जोनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर संस्थान व अभिभावकों का नाम रोशन किया है। स्कूल के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन से 21 पदक अपने नाम किए हैं।खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण, आठ रजत व छह कांस्य पदक जीत हैं।
विद्यार्थियों की सफलता से स्कूल में खुशी व जश्न का माहौल है। यह जोनल प्रतियोगिता दामला के सीनियर सेकेंडरी स्कूल में करवाई गई थी। प्राचार्य अनूप कुमार चोपड़ा ने स्कूल पहुंचने पर खिलाड़ियों, कोच ललित व चंद्रपाल का स्वागत किया और बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर भविष्य में भी ऐसे प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सभी में कोई न कोई प्रतिभा छिपी होती है। हमें स्वयं मंथन कर उसे निखारना होगा।
प्राचार्य चोपड़ा ने बताया कि प्रतियोगिता में अंडर-17 वर्ग में लवप्रीत ने शॉर्टपुट व डिस्कस थ्रो, जोवनदीप ने 3000 मीटर दौड़, मेटिंस ने 3000 मीटर वॉक रेंस और एकांश ने हैम्मर थ्रो तथा अंडर-11 श्रेणी में प्रियांशु ने 200 व 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता है। वहीं अंडर-17 में जोवनदीन ने 1500 मीटर दौड़, तक्ष्य ने ऊंची कूद व ट्रिपल जम्प, तनिष्क ने डिस्कस थ्रो, रूद्र ने जैवलीन, नैतिक ने 600 मीटर दौड़, नमन ने 400 मीटर हरडल दौड़ रजत पदक हासिल किया।
अंडर-11 श्रेणी में आरव ने 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीत कर स्कूल का नाम रोशन किया है। इसके अलावा स्कूल के खिलाड़ियों ने अंडर-17 की 400 मीटर दौड़ में नमन, शार्टपुट में निखिल, 100 मीटर दौड़ में अमरदीप, लंबी कूद में हिमांशु व अंडर-11 की 200 मीटर दौड़ में आरव व लंबी कूद में प्रियांशु ने कांस्य पदक प्राप्त किया है।