संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। हथनीकुंड बैराज से धान की फसल लेकर प्रतापनगर अनाज मंडी जा रहे किसान ने हरियाणा पुलिस के कर्मचारियों पर मारपीट करने और 10 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया है। उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव शेरपुर पेलो निवासी किसान रिंकू राणा का दावा है कि पिटाई करने से उसके कान का पर्दा फट गया।
किसान ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही है। वहीं, थाना प्रभारी के अनुसार दोनों पक्षों में राजीनामा हो गया है और मामला आपसी गलतफहमी का था। किसान रिंकू राणा ने आरोप लगाया कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे वह अपने परिवार के सदस्य बुद्ध सिंह राणा की धान की बोरियां पिकअप में लादकर प्रतापनगर अनाज मंडी में बेचने जा रहा था।
हथनीकुंड पुलिस चौकी पार करने के बाद यमुनानगर रोड पर वन विभाग की चौकी के पास उसे रोक लिया गया। हथनीकुंड पुलिस चौकी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों ने उसकी पिकअप रुकवाकर उसके साथ मारपीट की। उसने दावा किया कि धान लेकर पुल पार करने और मंडी जाने देने के बदले उससे 10 हजार रुपये मांगे गए।
किसान के अनुसार रुपये देने के बाद ही उसे आगे जाने दिया गया। रिंकू ने बताया कि वह किसी तरह मंडी पहुंचा और धान की बोरियां उतारने के बाद उसके कान में दर्द होने लगा। इसके बाद उसने नजदीकी डॉक्टर से जांच करवाई। किसान का दावा है कि डॉक्टर ने उसके कान का पर्दा फटने की बात कही। थाना प्रभारी रोहतास ने बताया कि किसान की तरफ से शिकायत आई थी। दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया है। उनके अनुसार मामला आपसी गलतफहमी का था।