यमुनानगर। एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने यमुना नदी के मंडौली घाट पर पानी में डूबते दो लोगों की जान बचाने के सम्मानित किया। एसपी ने एएसआई सुरेश कुमार और तटबंध लगाने वाले ठेकेदार के ड्राइवर अयूब खान को 5100-5100 रुपये का नकद राशि पुरस्कार व प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने एएसआई सुरेश कुमार को प्रमोशन देने की सिफारिश भी की है।
गत 29 जून को दोपहर लगभग 12 बजे नदी के तटों पर पत्थरों के बांध बनाने वाले ठेकेदार के कुरुक्षेत्र के ज्योति नगर निवासी अमरजीत और गांव ध्यागला निवासी मलकीत सिंह गाड़ी में पत्थर लेकर मंडोली घाट से टापू माजरी की ओर जा रहे थे। यमुना नदी के पानी के बीच में उनकी गाड़ी फंस गई।
तभी यमुना नदी में अधिक पानी आ गया और उक्त दोनों लोग नदी के बीच में ही रह गए। सूचना सिंचाई विभाग के अधिकारियों सहित प्रशासन को दी गई और डीसी डॉ. एसएस फूलिया के आदेशानुसार डूबे दोनों लोगों केा बचाने हेतु ऑपरेशन चलाया गया। टापू माजरी पुलिस चौकी में तैनात एएसआई सुरेश कुमार और पत्थरों के बांध बनाने वाले ठेकेदार के ड्राइवर अयूब खान ने बहादुरी दिखाते हुए दोनों लोगों को नदी के पानी से सकुशल बाहर निकाल लिया।
अपने कार्यालय में एएसआई सुरेश कुमार व ड्राइवर आयूब खान को नकद पुरस्कार व प्रशंसा पत्र देते हुए एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने कहा कि दोनों बहादुरों को सम्मानित करने के लिए सरकार से सिफारिश की जाएगी। इस अवसर पर सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता हरिदेव कांबोज सहित सिंचाई विभाग व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।