संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की ओर से ऑपरेशन आक्रमण-20 चलाया जा रहा है। जिसके तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न अपराधों में संलिप्त 34 आरोपियों को गिरफ्तार है। वहीं, आरोपियों से भारी मात्रा में अवैध शराब, जुआ, सट्टा में लगाई राशि, अवैध हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने कोर्ट के भगोड़ों को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध नियंत्रण के लिए ऑपरेशन आक्रमण-20 चलाया गया है। जिसके तहत एसपी कमलदीप गोयल के निर्देशों में काम करते हुए विभिन्न थानों की पुलिस व एजेंसियों ने 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार को चले विशेष अभियान के तहत सभी अपराध जांच शाखा, थाना व चौकी स्तर पर 41 टीमों का गठन किया गया था। जिसमें 389 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को शामिल किया गया। टीमों ने विभिन्न स्थानों पर रेड कर अपराधियों पर 34 लोगों को पकड़ा है।
उन्होंने कहा कि टीमों ने आबकारी अधिनियम के तहत आठ केस दर्ज किए हैं। वहीं, देसी शराब की अवैध 109 बोतल बरामद की हैं। जुआ अधिनियम के तहत एक केस दर्ज कर 530 रुपये बरामद किए हैं। जिले के अपराध-2 की टीम ने शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर एक अवैध देसी कट्टा व दो कारतूस बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस ने बेल जंपर व जघ्घन अपराध में शामिल 24 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, यातायात पुलिस ने गलत दिशा में वाहन चालने पर 50 चालकों के चालान भी किए हैं।