संवाद न्यूज एजेंसी
प्रताप नगर (यमुनानगर)। पहले चुनाव में और अब बोर्ड की वार्षिक परीक्षाओं में पुलिस की ड्यूटियां लगी हैं, जिससे हथिनीकुंड बैराज पूरी तरह से सूना पड़ा है। यहां पर पुलिस की गारद लगी थी। जब से पुलिस की ड्यूटियां चुनाव व परीक्षा केंद्रों पर लगी है, तब से यहां अवैध गतिविधियां बढ़ गई हैं। सिंचाई विभाग ने पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर यहां पुलिस तैनाती की मांग करने की योजना बना रहा है।
हथिनी कुंड बैराज एक दार्शनिक स्थल है। समय-समय पर यहां पर अधिकारी व सरकारी नुमाइंदे निरीक्षण इत्यादि के लिए आते रहते हैं। यहां सिंचाई विभाग की नहर से लगते रेस्ट हाउस पार्क व अन्य दार्शनिक जगहों पर आने वाले पर्यटकों से यहां नशेड़ी हरकतें करते रहते हैं। स्थानीय दुकानदार परवेज आलम, इरफान अली, जावेद अख्तर, पुरुषोत्तम, सतीश कुमार, जाकिर हुसैन ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज पर बनी पुलिस की गारद का बहुत फायदा है।
चूंकि हथिनीकुंड बैराज चार प्रदेशों को जोड़ता है। यहां राहगीरों को भी सुरक्षा के मध्य नजर पुलिस की जरूरत पड़ती है। पुलिस न होने से बैराज पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। ऐसे में वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
हथिनी कुंड बैराज की व्यवस्था फिलहाल यूपी पुलिस की तरफ से देखी जा रही है, परंतु हरियाणा क्षेत्र में आते ही जाम की स्थिति बन जाती है। इसलिए यहां हर समय पुलिस की तैनाती जरूरी है। यहां लगने वाले जाम व अन्य गतिविधियों पर यूपी पुलिस भी अपने क्षेत्र तक सीमित रह जाती है। ऐसे में हरियाणा के क्षेत्र में पुलिस गारद होना जरूरी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रताप नगर गुरमेल सिंह ने कहा कि एसपी के आदेश अनुसार पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी चुनाव व परीक्षा केंद्रों में लगी है। इस कारण हथिनीकुंड बैराज पर तैनात कर्मचारियों को जरूरत के मुताबिक भेजा गया है। बैराज की सुरक्षा की अनदेखी नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक को लिखेंगे पत्र : एससी
सिंचाई विभाग के एससी आरएस मित्तल ने बताया कि हथिनीकुंड बैराज की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर पुलिस की तैनाती की मांग करेंगे। ताकि यहां पर अवैध गतिविधियों को रोका जा सके। उनका कहना है कि हथिनीकुंड बैराज पर सिंचाई विभाग के करीब एक दर्जन कर्मचारी तैनात हैं। वहीं बैराज के नीचे मरम्मत भी चल रही है। जिसके मद्देनजर भी पुलिस सुरक्षा बहुत जरूरी है।