यमुनानगर के जगाधरी क्षेत्र की गंगानगर कॉलोनी में 18 वर्षीय युवक सूफियान की दिन दहाडे़ निर्मम हत्या हुई थी। इस मामले में पुलिस ने गंगानगर कॉलोनी निवासी अजय व उसके तीन साथियों शांति कॉलोनी निवासी गुरदेव सिंह उर्फ लक्की, गंगानगर कॉलोनी के ही रोहन राणा व गुरदेव सिंह उर्फ साजन को सीआईए वन टीम ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि हत्या में प्रयोग किये गये हथियारों को बरामद किया जा सके। पुलिस ने सभी आरोपियों को गांव परवालो क्षेत्र से काबू किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मृतक सूफियान ने अपने साथियों के साथ मिलकर जुलाई 2023 में मुख्य आरोपी अजय के भाई संदीप उर्फ पिस्टल की हत्या कर दी थी। तब सूफियान जमानत पर बाहर आया था। पुरानी रंजिश के चलते हुए अजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या की है। इस वारदात को सुलझाने के लिए सीआईए वन टीम काम कर रही थी। ऐसे में पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।