संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जन्मदिन की पार्टी के बाद ससौली गांव में युवकों के दो गुटों में संघर्ष हो गया। इस पर एक युवक ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक युवक की ओर से दूसरे गुट के युवक की बहन को मैसेज भेजने पर झगड़ा हुआ है।
मामला थाना फर्कपुर क्षेत्र के ससौली गांव में हुआ। पुलिस के मुताबिक रविवार को 12वीं के छात्र रोहन का जन्मदिन का था। उसने अपने दोस्तों को पार्टी दी थी। पार्टी के बाद रात को वह दोस्तों को छोड़ने के लिए जा रहा था। उसी समय कुछ युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली रोहन के पैर में लगी।
रोहन को घायल अवस्था में नागरिक अस्पताल यमुनानगर में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। एसएचओ थाना फर्कपुर जनकराज ने बताया कि जांच में पता चला है कि कुछ दिन पहले एक युवक ने एक युवती को फोन पर मैसेज किए थे। जिसका उसके भाई ने विरोध किया था।
इसी बात को कुछ युवकों ने तीन दिन पहले आईटीआई के पास युवती के भाई के साथ मारपीट कर दी थी। रविवार को दूसरे पक्ष के एक युवक को लड़की के भाई व उसके दोस्तों ने घेर लिया। इसी बीच दूसरे पक्ष से भी युवक पहुंच गए। एक युवक ने फायरिंग की। घायल युवक रोहन की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। गोली चलाने वाले युवक की पहचान की जा रही है। जांच के बाद आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।