संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल यमुनानगर में 18 जनवरी को खोले प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की फोटो को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से लाइक किया है। पीएम की ओर से फोटो को लाइक किए जाने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का जोश हाई है।
यह हरियाणा राज्य के किसी भी सरकारी संस्थान में खुलने वाला पहला जन औषधि केंद्र था। सिविल अस्पताल यमुनानगर की पोस्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक्स हैंडल तक पहुंच गई है। जिला नागरिक अस्पताल में जन औषधि केंद्र का शुभारंभ विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने किया था। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह, सिविल अस्पताल की पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला, नोडल अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश वर्मा भी मौजूद थे।
केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही परियोजना के एक्स हैंडल प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना (पीएमबीजेपीपीएमबीआई) पर उद्घाटन की फोटो को 27 जनवरी को पोस्ट किया गया था। इस पोस्ट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा लाइक किया गया है। पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला ने बताया कि जन औषधि केंद्र स्वास्थ्यकर्मियों की ओर से संचालित किया जा रहा है। यह हर्ष का विषय है कि स्वयं प्रधानमंत्री ने अस्पताल में हुए इस कार्यक्रम को लाइक किया है।