रादौर। खेड़ी लक्खा सिंह गांव में कोर्ट से स्टे होने के बावजूद विवादित प्लॉट महिला को लाखों रुपये में बेच दिया गया। इस आरोप में महिला की शिकायत पर रादौर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। हड़तान माजरी गांव निवासी महिला ने शिकायत में बताया कि उसने खेडी लक्खा सिंह में मोहन पंडित व भगवान दास से 150 गज का प्लॉट खरीदा था। प्लॉट खरीदते समय उपरोक्त दोनों ने उसे कहा था कि इस प्लॉट पर कोई स्टे नहीं है। तब उसने 5 लाख 90 हजार रुपये में प्लॉट खरीदकर उसका इंतकाल अपने नाम करवा लिया। बाद में जब प्लॉट पर मकान बनाने के लिए निर्माण कार्य शुरू किया तो उसे निर्माण कार्य करने से रोक दिया गया। उसे पता चला कि उपरोक्त प्लॉट पर एक जुलाई 2016 से कोर्ट का स्टे है। महिला ने इस बारे एसपी को शिकायत देकर मोहन पंडित व भगवानदास के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी। पुलिस ने शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।