संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। खेल नर्सरी में अभ्यास करने वाले खिलाडि़यों के सरकार ने खुराक भत्ता नहीं जारी किया है। खिलाडि़यों को भत्ते के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। विभाग की सरकार से बजट मिलने पर खुराक भत्ता जारी किया जाएगा।
सरकार की ओर से एक अप्रैल से जिले में 35 खेल नर्सरियों का संचालन किया जा रहा है। वहीं, एक मई से दस और नई खेल नर्सरियों का संचालन होने लगा है। इन खेल नर्सरियों में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को सरकार की ओर से खुराक भत्ता दिया जाना है। यह खुराक भत्ता खिलाड़ियों को हर महीने उनके खातों में दिया जाता है।
एक अप्रैल से जिले की नर्सरियों में अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों को भत्ते के लिए इंतजार करना पड़ेगा। चूंकि अभी तक इसके लिए विभाग की ओर से बजट जारी नहीं किया गया। नया वित्त वर्ष और बजट होने के कारण इसमें समय लग रहा है। विभागीय विशेषज्ञों के अनुसार इसमें दो से तीन महीने का समय लग सकता है।
यह खेल भत्ता विभाग की ओर से खिलाड़ियों की हाजिरी के अनुसार दिया जाता है। इसके लिए खिलाड़ियों की 22 दिन की उपस्थिति जरूरी होती है। विशेष कारणों व परिस्थितियों में खिलाड़ियों को छुट्टी मिलती है। विभाग की ओर खिलाड़ियों को आयु वर्ग के अनुसार खुराक भत्ता मिलता है।
आठ से 14 वर्ष आयु वर्ग के लिए 1,500 रुपये दिए जाते हैं और 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2,000 रुपये मिलते हैं। इस महीने जिले की 35 नर्सरियों खेल नर्सरियों में अभ्यास कर रहे कुल 875 खिलाड़ियों के लिए खुराक भत्ता आना है। वहीं, मई में शुरू हुई दस नई खेल नर्सरियों के खिलाड़ियों के लिए जून में भत्ता आएगा। जून में कुल 1,125 खिलाड़ियों को भत्ता दिया जाएगा।
वहीं दूसरी तरफ भत्ता न आने से खिलाड़ियों को दिक्कत हो रही है। अभ्यास के लिए आवश्यक खुराक पर उन्हें स्वयं से खर्च करना पड़ रहा है। बता दें कि पिछले वर्ष भी खिलाड़ियों को खुराक भत्ता के लिए महीनों इंतजार करना पड़ा था। आठ महीने से खिलाड़ियों को भत्ता नहीं मिला था। यह भत्ता खिलाड़ियों को इस वर्ष नर्सरियों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद मार्च में दिया गया था।
खिलाड़ियों की हाजिरी बॉयोमेट्रिक सिस्टम पर ऑनलाइन लगती है। नया सत्र होने के कारण इसमें थोड़ा समय लग रहा है। जल्द ही खुराक भत्ता मिल जाएगा। शिल्पा गुप्ता, जिला खेल अधिकारी।