संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले की क्रिकेट टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इसके लिए हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों का ट्रायल लिया जाएगा। इस दौरान चार आयु वर्गों की टीमों के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। यह ट्रायल जगाधरी स्थित स्प्रींग डेल्स पब्लिक स्कूल के मैदान में होंगे।
जिले के करीब 300 से ज्यादा खिलाड़ियों ने आवेदन किया है। इस दौरान अंडर-16, अंडर-19, अंडर-23 और वरिष्ठ श्रेणी टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी जिला टीम में खेलेंगे। ट्रायल को लेकर एसोसिएशन की ओर से लगभग तैयारियां कर ली गई हैं। खिलाड़ी अपने स्तर पर इसके लिए आवेदन कर रहे हैं।
हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन के जिला सचिव परमिंद्र सिंह ने बताया कि सभी श्रेणियों के ट्रायल अलग-अलग दिन लिए जाएंगे। इस दौरान सबसे पहले अंडर-23 और वरिष्ठ खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। इसके ट्रायल 24 अप्रैल को सुबह सात बजे स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल में होंगे। इसके बाद अंडर-16 टीम के लिए चयन प्रक्रिया 26 अप्रैल को करवाई जाएगी।
इसके बाद अंडर-19 टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन 29 अप्रैल को होगा। सभी ट्रायल सुबह सात बजे से शुरू होंगे। खिलाड़ियों को सात बजे मैदान में रिपोर्ट करनी होगी। उन्होंने बताया कि अभी तक अंडर-16 के लिए करीब 120 खिलाड़ियों ने आवेदन किया है। वहीं, अंडर-19 के लिए 130 से ज्यादा आवेदन आए हैं। इसके अलावा अंडर-23 और वरिष्ठ श्रेणी में करीब 60 ने पंजीकरण करवाया है। ट्रायल में चयनकर्ता हरियाणा एसोसिएशन की ओर से भेजे जाएंगे।
लगानी होगी दो किलोमीटर की दौड़
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता और खेल तकनीक की परख की जाएगी। खिलाड़ियों को शारीरिक क्षमता की परीक्षा उत्तीर्ण करनी अनिवार्य है। इस दौरान खिलाड़ियों को दो किलोमीटर की दौड़ लगानी होगी। इसके लिए अंडर-16 के लिए खिलाड़ियों को दो किलोमीटर की दौड़ नौ मिनट में पूरी करनी होगी। वहीं, अंडर-19, अंडर-23 और वरिष्ठ श्रेणी में गेंदबाज के लिए यह समय सवा आठ मिनट होगा, जबकि बल्लेबाज के लिए साढ़े आठ मिनट की समय सीमा निर्धारित की है।