रादौर। निर्माणाधीन नगर पालिका स्टेडियम में सोमवार को जिला स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स मीट और क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से किया गया। ब्राइट फ्यूचर डिफेंस अकादमी के संचालक अमित चौहान कोच की देखरेख में आयोजित प्रतियोगिता में 14 व 16 आयु वर्ग के करीब 500 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में प्रतिभा दिखाई। इस दौरान लड़कियों के 16 आयु वर्ग की 600 मीटर दौड़ में साढौरा की अनवी पहले, रादौर की भावना दूसरे और जगाधरी की साक्षी तीसरे स्थान पर रही।
लड़कियों के 16 आयु वर्ग की पेंथालॉन प्रतियोगिता में जगाधरी की वृंदा पहले, रादौर की तानिया दूसरे व पालेवाला की ज्योति चौहान तीसरे स्थान पर रही। लड़कों के 14 आयु वर्ग से ट्रायथलॉन प्रतियोगिता में जगाधरी का कृष्णा पहले, रादौर का अभिनीत दूसरे व तेजस तीसरे स्थान पर रहे। लड़कों के 14 आयु वर्ग से चक्का फेंक प्रतियोगिता में जगाधरी का रुद्र प्रताप सिंह पहले, लवप्रीत संधू दूसरे व जतिन तीसरे स्थान पर रहे। लड़कियों के 14 आयु वर्ग की चक्का फेंक प्रतियोगिता में छछरौली की नफीसा पहले, जगाधरी की मेहर दूसरे व रादौर की पाखी तीसरे स्थान पर रही। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि उद्योगपति एवं समाजसेवी संदीप गर्ग और भाजपा युवा प्रदेश अध्यक्ष राहुल राणा ने विजेताओं को पदक पहनाकर और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
राहुल राणा ने कहा कि गांवों के बच्चों में भी प्रतिभा होती है। खेलों से उनकी प्रतिभा में निखार आता है। इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों को नशे से दूर रखने में सहायक सिद्ध होती है। कोच अमित कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी फरवरी-2024 में गुजरात में होने वाली इंटर डिस्ट्रिक्ट नेशनल एथलेटिक्स मीट में हिस्सा लेंगे। इस मौके पर रोटरी क्लब के प्रधान मंजीत सिंह पंजेटा, भारत माटिया, मोहनलाल अरोड़ा, राजीव आर्य सन्नी, संदीप सैनी, ब्रह्मप्रकाश टंडन, राजेश कांबोज रतनगढ़, प्रवीन कुमार, अंजू बाला, अमित खुंडेवाला, पदम जगाधरी, मुकेश शर्मा रादौर, नरेश बापौली, सनी जुब्बल,मोहन शर्मा रादौरी, कृष्ण कांबोज रतनगढ़ माजरा मौजूद रहे।