यमुनानगर। दामला-रतनगढ़ मार्ग पर बोलेरो पिकअप की टक्कर से कार सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कृष्णा कॉलोनी निवासी सुमित सरीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 18 जून को दिल्ली से अपने पड़ोसी संजीव कुमार उनकी पत्नी सुमित कुमारी और दो बच्चों के साथ कार में यमुनानगर लौट रहे थे। दामला के पास एक फैक्टरी के सामने से आ रही बोलेरो पिकअप ने उनकी कार को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से गया। घायलों को एंबुलेंस से सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में सुमित कुमारी को सिंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में उसकी दाहिनी टांग में दो स्थानों पर फ्रैक्चर मिला। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। संवाद