दौलतपुर गांव में पंचायत भूमि की निशानदेही करने पहुंचे राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी। संवाद
छछरौली। क्षेत्र के गांव दौलतपुर में पंचायत की भूमि की निशानदेही बुधवार को पुलिस बल की मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कर ली गई। लंबे समय से विवादों में रही पंचायत भूमि पर अवैध कब्जों को लेकर ग्रामीणों की ओर से लगातार शिकायतें की जा रही थीं। अब सीमांकन पूरा होने के बाद कब्जाधारकों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है।
ग्रामीण नाजर ने बताया कि पंचायत की करीब 75 एकड़ भूमि पर विभिन्न स्थानों पर अवैध कब्जे किए गए हैं। उन्होंने कहा कि भूमि के एक हिस्से से बरसाती नदी गुजरती है, जबकि शेष क्षेत्र में वर्षों से कब्जों की शिकायतें सामने आती रही हैं। पंचायत की इस भूमि पर करोड़ों रुपये मूल्य की लकड़ी भी खड़ी है, जिसका स्वामित्व पंचायत के पास है। भूमि कब्जामुक्त होने पर लकड़ी की बिक्री से मिलने वाली राशि गांव के विकास कार्यों में खर्च की जा सकती है। नाजर के अनुसार पंचायत भूमि को मुक्त कराने के लिए वह पिछले चार वर्षों से कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। इस मामले में सिविल कोर्ट में भी सुनवाई चल रही है। उन्होंने बताया कि इससे पहले चार बार प्रशासनिक टीमें निशानदेही के लिए पहुंचीं, लेकिन प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। हाल ही में एसडीएम जसपाल सिंह गिल के आदेश के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए सफलतापूर्वक सीमांकन कराया। वहीं कानूनगो तरुण ने बताया कि निशानदेही का कार्य पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। जांच के दौरान कई स्थानों पर पंचायत भूमि पर कब्जे पाए गए हैं। कब्जाधारकों की सूची तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। अधिकारियों के निर्देशानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद