संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। पहाड़ीपुर गांव में घर के सामने फिरनी में खड़े कैंटर में बुधवार देर रात पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। आग लगने से कैंटर में लदे करीब दस लाख रुपये के एग्जॉस्ट फैन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। आरोप है कि फिरनी में कैंटर खड़े किए जाने से नाराज गांव के रमेश ने इस घटना को अंजाम दिया। ग्रामीण जब तक आग पर काबू पाते तब तक कैंटर की बॉडी व उसमें लदे एग्जॉस्ट फैन जल चुके थे। कैंटर की बॉडी को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने कैंटर चालक मनोज की शिकायत पर जांच शुरू की है।
मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कालाअंब की विधाता ट्रांसपोर्ट का कैंटर चलाता है। बुधवार को वह कैंटर में बहादुराबाद से एक्स एग्जॉस्ट फैन लादकर जीरकपुर के लिए रवाना हुआ था। देर होने पर वह रास्ते में पड़ने वाले अपने गांव पहाड़ीपुर में ही रुक गया। यहां फिरनी में अपने वाहन को खड़ा करके वह अपने घर चला गया। देर रात लगभग 12 बजे उसके गांव का ही कृष्ण अपने वाहन को वहां खड़ा करने लगा तो इसी दौरान उनके गांव का रमेश अपनी बाइक पर वहां आ गया। देखते ही देखते रमेश ने अपनी बाइक से पेट्रोल निकाला और उसके कैंटर पर छिड़ककर आग लगा दी और अपने घर चला गया। कृष्ण द्वारा शोर मचाने पर वह वहां पहुंच गया। इसी दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी वहां पहुंच गए और आग बुझाने के प्रयासों में जुट गए। उसके भाई व सरपंच प्रतिनिधि सुनील ने इस बारे में पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया। लेकिन फायर ब्रिगेड व पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने अपने तौर पर आग पर काबू पा लिया। तब तक कैंटर में लदे एक्स एग्जॉस्ट फैन आग लगने के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। वहीं कैंटर की बॉडी को भी काफी नुकसान पहुंचा था। गनीमत रही कि मशीनरी का बचाव हो गया। एसएचओ मेम सिंह ने बताया कि मनोज की शिकायत पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पहले भी दे चुके है आग के हवाले करने की धमकी
सरपंच सुषमा ने बताया कि फिरनी में कैंटर खड़े किए जाने से नाराज रमेश की पत्नी पुष्पा पहले भी कई बार यहां कैंटर खड़ा करने पर आग के हवाले करने की धमकी दे चुकी है।
देरी से पहुंची फायर ब्रिगेड व पुलिस
सरपंच प्रतिनिधि सुनील ने बताया कि आग लगने बारे उन्होंने रात 12.31 पर डायल 112 व फायर ब्रिगेड को सूचित कर दिया था। साढौरा से पहाड़ीपुर महज छह किलोमीटर की दूरी पर होने के बावजूद पुलिस व फायर ब्रिगेड 45 मिनट देरी से पहुंची। इससे पहले ही ग्रामीणों ने अपने प्रयासों से आग पर काबू पा लिया था। फायर ब्रिगेड व पुलिस के देरी से पहुंचने के कारण ग्रामीणों में रोष है।