यमुनानगर। साढ़ौरा क्षेत्र के गांव गलौड़ी में चार माह से पेंशनधारकों की पेंशन नहीं आई है। पेंशन के लिए बुजुर्ग बैंक व कार्यालयों में भटक रहे हैं। लेकिन कोई राह दिखाई नहीं दे रही। परेशान बुजुर्ग सोमवार को सरपंच सुदेश सैनी के नेतृत्व में लघु सचिवालय पहुंचे। लेकिन यहां भी डीसी के न मिलने से बुजुर्ग परेशान दिखे। इसके बाद उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को शिकायत देकर उनकी पेंशन दिलाने की गुहार लगाई।
पेंशनधारक शिवराम, पाल, प्रेमो देवी, रामेश्वर, जोगिंद्रों देवी, पंजाब सिंह, नक्षतराें देवी, जीतो, मायाराम, फूलवती आदि ने बताया कि उनकी दिसंबर माह के बाद कोई पेंशन नहीं आई। कुछ पेंशनधारकों की पेंशन जनवरी माह में आ गई थी, लेकिन उसके बाद उनकी पेंशन भी नहीं आई। सरपंच सुदेश सैनी ने बताया कि गांव में 110 पेंशन धारक हैं।
कुछ पेंशनधारकों की पेंशन दिसंबर माह और अधिकतर की जनवरी माह के बाद नहीं आई। जब से पेंशन बैंक के माध्यम से मिलनी शुरू हुई है, तब से परेशानी बहुत अधिक बढ़ गई है। उनके गांव के पेंशनधारकों की पेंशन सरकार की ओर से एचडीएफसी बैंक में भेजी जाती है। जब उन्होंने इस बारे में बैंक में पता किया तो उन्होंने भी पेंशन देने से मना कर दिया। तीन माह से पेंशनधारक भटक रहे हैं।
परेशान होकर सोमवार को सभी पेंशनधारक लघु सचिवालय पहुंचे। लेकिन यहां भी उन्हें निराशा हाथ लगी। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत जिला समाज कल्याण अधिकारी को शिकायत दी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच कर जल्द ही पेंशनधारकों की पेंशन दिलाई जाएगी।