संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल यमुनानगर में एक साल पहले खोला गया प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के प्रति लोगों का रुझान बढ़ा है।। लोगों को जन औषधि केंद्र से दवाएं जहां 70 प्रतिशत तक सस्ती मिल रही हैं, वहीं जिला नागरिक अस्पताल को 282722 रुपये की बचत हुई है।
अस्पताल की तरफ से गत 13 माह में जन औषधि केंद्र के लिए 1560246 रुपये की दवाइयां खरीदी गई थी। जिन्हें मरीजों को 1842968 रुपये में बेच कर उक्त बचत की गई है। जन औषधि केंद्र में फिलहाल 115 तरह की दवाएं मौजूद हैं। 50 प्रकार की दवाइयां और रखने के लिए दो दिन पहले ही नई लिस्ट आई है।
जिला नागरिक अस्पताल में कई बार मरीजों को सारी दवाई नहीं मिल पाती। इसलिए मरीजों को बाजार में मेडिकल स्टोर से महंगे रेट पर दवाइयां खरीदनी पड़ती थी जिससे उन्हें काफी नुकसान होता था। मरीजों की इस परेशानी को देखते हुए जनवरी 2024 में जिला अस्पताल परिसर में ही प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोला गया था।
जन औषधि केंद्र पर दवाइयां बाजार से 70 प्रतिशत तक सस्ती मिलती हैं। यदि कोई दवा बाजार में 100 रुपये की है तो वह जन औषधि केंद्र से 30 रुपये में मिल जाती है। मरीज को जो दवा अस्पताल से नहीं मिल पाती वह जन औषधि केंद्र से मिल जाती है।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुशीला सैनी का कहना है कि लोगों में यह धारणा बनी हुई है कि जन औषधि केंद्र से केवल वही लोग दवा ले सकते हैं जो अस्पताल में चेकअप के लिए आते हैं। यह सही नहीं है। बाहर से आकर कोई भी व्यक्ति यहां से दवा ले सकता है। इसके लिए अस्पताल में पर्ची बनवाने की भी जरूरत नहीं है। इस केंद्र पर दवाएं 70 प्रतिशत तक सस्ती हैं।
सात को मनाएंगे जन औषधि दिवस : सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह ने बताया कि सातवां जन औषधि दिवस सात मार्च को जिला नागरिक अस्पताल में मनाया जाएगा। जन औषधि केंद्र से दवाएं सस्ती व अच्छी क्वालिटी की मिलती हैं। लोग सोचते हैं कि सस्ती दवाएं अच्छी क्वालिटी की नहीं होती। यह सही नहीं है। अस्पताल में खुले जन औषधि केंद्र के प्रचार-प्रसार के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।