संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। छठ महापर्व पर पश्चिमी यमुना नहर के घाट पर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे पुल से आवागमन पर रोक रहेगी। रविवार सुबह से सोमवार शाम तक पुल पर जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारी तैनात रहेंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पांसरा, शादीपुर और आसपास के क्षेत्रों से हर वर्ष सैकड़ों श्रद्धालु पश्चिमी यमुना नहर के घाट पर छठ पूजा के लिए पहुंचते हैं। इनमें बड़ी संख्या में लोग रेलवे पुल को कम दूरी का रास्ता समझकर इस्तेमाल करते हैं। नहर के दूसरी तरफ से शहर आने और घाट तक पहुंचने के लिए लोग इसी पुल से पटरी पार करते हैं।
पुल पर पैदल चलने के लिए अलग रास्ता नहीं है और लोग पटरियों के बीच से गुजरते हैं। छठ महापर्व के दौरान रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती पूजा संपन्न करेंगे। दोनों दिन घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रहने की संभावना है। ऐसे में रेलवे पुल से गुजरने वाले लोगों के लिए ट्रेन की आवाजाही जानलेवा साबित हो सकती है। पहले भी यहां कई हादसे हो चुके हैं।
आरपीएफ कंपनी कमांडर मोहित त्यागी ने बताया कि छठ को देखते हुए पुल के दोनों तरफ सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएंगे। यहां से लोगों को गुजरने नहीं दिया जाएगा। त्योहार के कारण ट्रेनों की संख्या भी ज्यादा है। ऐसे में लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं, इस दौरान कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
पुल पर हो चुके कई हादसे
जुलाई 2025 में पुल पार करते समय दो सगी बहनों की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई थी। 15 सितंबर को पश्चिमी यमुना नहर पुल से सपरिवार रेल ट्रैक पार कर रही महिला की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई थी। मालगाड़ी देखकर पति तीनों बच्चों को लेकर एक तरफ कूद गया, जिससे उनकी जान तो बच गई, लेकिन 12 वर्षीय बेटा व सात वर्षीय बेटी घायल हो गए। वहीं, 21 अगस्त को हादसे में मामा-भांजे की जान चली गई थी। वहीं साथी युवक ने कूद कर जान बचाई थी। बिहार के दरभंगा निवासी 31 मोहम्मद मुराद और करनाल के इंद्री के गांव सैयद छपरा निवासी 19 वर्षीय भांजे मोहम्मद अफजल पुल पार करते ट्रेन की मौत हो गई। अफजल का दोस्त 19 वर्षीय मैक्स गंभीर रूप से घायल हो गया था।