संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पिछले कुछ दिनों से आसमान में चमकती लाइटों की लंबी लाइन देखकर लोग आश्चर्यचकित हैं। दूधिया रंग की सफेद लाइटें रात के समय हवा में इधर से उधर ऐसे जाती हैं जैसे कोई उन्हें खींच रहा हो। लोग इन्हें दूसरे ग्रह से आए हुए एलियन का वाहन तक बता रहे हैं। आसमान में उड़न तश्तरी की तरह दिखने वाली इन लाइटों की फोटो खींच कर लोग सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल कर रहे हैं परंतु इसके बारे में अब तक कहीं से भी कोई सटीक जानकारी लोगों को नहीं मिल पाई है। यमुनानगर के अलावा अंबाला में भी इन्हें देखा गया है।
रविवार रात बिलासपुर में छोटा बस स्टैंड के नजदीक आंबेडकर नगर के ऊपर से सफेद रंग की लाइटों वाली यह लाइन गुजरी तो लोगों की नजर आसमान में जा टिकी। ग्रामीणों ने इस अजीब सी दिखने वाली चीज का वीडियो बनाया और इंटरनेट पर अपलोड कर दिया जिसके बाद से यह खासा वायरल हो रहा है। लोगों का कहना है कि आसमान में ट्रेन के डिब्बे की तरह एक रोशनी दिखाई पड़ रही थी। रात के अंधेरे में आसमान में चमकती चीज को देखकर लोग एलियंस और यूएफओ की बात करने लगे। आंबेडकर नगर बिलासपुर निवासी जसविंद्र ने बताया कि वह घर के पास ही गली में खड़े थे। उसी समय एक ट्रेन सरीखी तेज रोशनी आसमान में जाती दिखाई दी। लाइटें एक लाइन में आगे बढ़ती दिख रही थी। रोशनी भी काफी थी। ऐसा लग रहा था कि सैकड़ों लाइट एक साथ जल रही हों। विदित हो कि आसमान में इस तरह की लाइटों की लाइन वर्ष 2022 में भी देखी गई थी।
मैने भी इसे देखा है, घबराने की जरूरत नहीं : विशाल सिंघल
जिला साइंस विशेषज्ञ विशाल सिंघल का कहना है कि 24 मई को जब वह लाल छप्पर गांव में चुनाव ड्यूटी पर तैनात थे तो उन्होंने भी आसमान में इसे देखा था। इस बारे में सर्च करने पर पता चला है कि स्पेस एक्स कंपनी द्वारा इंटरनेट की गति को बढ़ावा देने के लिए कुछ सैटेलाइट आसमान में छोड़े गए हैं। लोगों को इनसे घबराने की जरूरत नहीं है। अचानक से आसमान से भूमंडल में कोई भी वस्तु इतनी आसानी से प्रवेश नहीं कर सकती। वैज्ञानिक स्थितियों पर पैनी नजर रखते हैं।