बिलासपुर। कस्बा में मंगलवार रात से हो रही तेज बारिश से चंदाखेड़ी मार्ग पर पानी भरे जाने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिससे मार्ग पर स्थित बेदी काॅलोनी, सरस्वती काॅलोनी के सैड़कों लोगों को पानी से होकर अपने घरों में जाना पड़ रहा है। काॅलोनी वासियों ने उपमंडल प्रशासन से पानी निकासी की समुचित व्यवस्था काे लेकर गुहार लगाई है।
काॅलोनी के रोकश बेदी, धर्मपाल, करनैल सिंह, सुनील त्यागी, रिंकू का कहना है कि थोड़ी सी बरसात होने पर सड़क पर दो से तीन फीट तक पानी जमा हो जाता है। जिस कारण सड़क के गड्ढे नजर नहीं आते। कई बार दो पहिया वाहन चालक पानी से निकलते हुए दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। बिलासपुर से चंदाखेडी मार्ग पर नाला न बनने व सड़क के पुन: निर्माण न होने के कारण सड़क पानी के तालाब में तबदील हो गई है। सड़क से पैदल तो दूर वाहन से पार करना भी मुश्किल है। जिससे गांव में जाने वाले ग्रामीणों व काॅलोनी वासियों काे भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों व वृद्धों को होती है। काॅलोनी वासियों व ग्रामीणों द्वारा अनेक बार प्रशासन से पानी निकासी की समुचित व्यवस्था के लिए लिखा गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने उपमंडल प्रशासन से सड़क के दोनों ओर नाला बनाकर पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।