संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से वीरवार को ईएसआई अस्पताल में टीबी के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आईएमए के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा रहे। इस दौरान टीबी मरीजों को पोषण किट का वितरण भी किया गया।
विधायक अरोड़ा ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से आईएमए यमुनानगर-जगाधरी द्वारा टीबी मरीजों को लगातार पोषण किट उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय पहल है। इससे मरीजों को प्रत्यक्ष सहायता तो मिलती ही है, साथ ही समाज में टीबी के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लें और उन्हें पोषण सहयोग प्रदान करें।
ऐसे प्रयास टीबी मरीजों का मनोबल बढ़ाते हैं तथा स्वस्थ होने की प्रक्रिया में मानसिक एवं शारीरिक मजबूती प्रदान करते हैं। उप सिविल सर्जन (टीबी) डॉ. चारु कालरा ने टीबी मरीजों के लिए संतुलित पोषण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि दवाइयों के साथ उचित पोषण रोग प्रतिरोधक क्षमता को तेजी से बढ़ाता है।
उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों को टीबी दवाइयों के सही सेवन, आवश्यक सावधानियों और उपचार की निरंतरता के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी। आईएमए की और से डॉ. सुनीता सोनी, डॉ. मीनू, डॉ. निशा बंसल, डॉ. आलोक कपूर तथा ईएसआई अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. सुमन ने भी टीबी की रोकथाम को लेकर जानकारी दी।