रादौर। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के दूसरे दिन शुक्रवार को भी पानी की आपूर्ति बाधित रही। बिजली-पानी की समस्या से परेशान लोग नगर पालिका चेयरमैन अध्यक्ष मेहता शालु, पार्षद भगवतदयाल कटारिया, पार्षद विनिश राणा व पार्षद प्रतिनिधि सुदेश सैनी के नेतृत्व में पावर हाउस में घुसकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने लाइनों में फाल्ट होने का हवाला देते हुए बिजली चालू करने में असमर्थता जताई। जलापूर्ति विभाग की ओर से चार ट्यूबवेलों पर बड़े जनरेटर लगवाकर पानी की सप्लाई शुरू करवाई गई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। वहीं बिजली आपूर्ति ठप होने से शहर के दुकानदारों और अन्य कारोबारियों के धंधे भी प्रभावित हुए।
नदारद मिले दो जेई
लोगों के विरोध के बाद भाजपा नेपाल राणा पावर हाउस पहुंचे। उन्होंने एसडीओ अविनाश कुमार से बातचीत की। इस दौरान दो जेई ड्यूटी पर होने के बावजूद गैरहाजिर मिले। संपर्क करने पर उनके मोबाइल फोन बंद पाए गए। नेपाल राणा ने निगम के उच्चाधिकारियों से बात कर दोनों जेई को निलंबित करने की मांग की। उनके हस्तक्षेप के बाद शहर में बिजली आपूर्ति बहाल हुई। श्रीराम बंसल, ठाकुर सैनी, रवि कुमार, डीपी सिंगला ने मांग की कि कम से कम सुबह दो घंटे और शाम को दो घंटे बिजली दी जाए, ताकि पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।