जगाधरी। विशेष समुदाय के प्रति घृणा व भेदभाव का आरोप लगाते हुए पुराना हमीदा चौकी प्रभारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समुदाय के लोगों ने चौकी प्रभारी, उप निरीक्षक व हवलदार पर गंभीर आरोप लगाए। चौकी पर प्रभारी से खफा लोग नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और जमकर रोष जताया। लोग लघु सचिवालय एसपी से मिलने पहुंचे। लोगों ने एसपी को लिखित शिकायत देकर प्रभारी सहित दोनों कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों का आरोप है कि चौकी प्रभारी, उप निरीक्षक व हवलदार विशेष समुदाय के लोगों से भेदभाव करता है। उसके साथ दुर्व्यवहार करता है। एसपी ने शिकायत पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पुराना हमीदा निवासी हासिम, बिलाल, आशु, समर, इस्लाम, इकराम, आरिफ, अरशद, नफीस, मोहिन, सोहेल, वसीम, शाकिर, अली राणा, शकूर, साजिद अली, सलामन, वकीम अकरम, वंश ने बताया कि चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने क्षेत्र का माहौल खराब कर दिया है। क्षेत्र में अपराध घटने के बजाए बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में स्मैक का खुलेआम कारोबार किया जा रहा है। यदि कोई शिकायत लेकर चौकी जाता है, तो पुलिस उसे ही परेशान करती है। शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों को केस में फंसा कर अंदर करने की धमकी दी जाती है। इस दौरान पूर्व पार्षद जुल्फान अली व मोहम्मद असलम ने आरोप लगाया कि हवलदार गुरचरण सिंह और उप निरीक्षक लखविंद्र सिंह ने उनके साथ बुरा व्यवहार किया। उनकी दाढ़ी व पहनावे को लेकर अपशब्द कहे। जब उन्होंने इसका कारण पूछते हुए विरोध किया तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।
लगाए आरोप हैं गलत
इस बारे हमीदा चौकी प्रभारी शमशेर सिंह ने कहा कि उन पर लगाए आरोप गलत हैं। पुलिस क्षेत्र में कानून व्यवस्था व शांति बनाए रखने को लेकर काम कर रही है। शिकायतकर्ता जुल्फान के भाई भूरा ने एक मकान को लेकर पंचायत की थी। जिसमें मकान मालिक ने अपने भाई को उसका मकान छोड़ने की बात कही। जिस पर भूरा ने पुलिस सहायता मांगी। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया। परंतु मकान मालिक नहीं आया। जिस पर उन्होंने कोर्ट में जाने को कहा। जिस पर जुल्फान, भूरा व उनके साथियों ने पुलिस कर्मचारियों से अभद्रता की। जिसके बाद जुल्फान, भूरा, मोहम्मद असलम लोगों को लेकर हंगामा करने लगे। शमशेर सिंह ने बताया कि जुल्फान के खाली प्लाट में नशेड़ी बैठते थे। जिस पर पुलिस ने सख्ती कर दी। जिसे दौरान भी जुल्फान पुलिस कार्रवाई में दखल दे रहा था। चौकी प्रभारी ने कहा कि जुल्फान अपने मुताबिक पुलिस को चलाना चाहता है, लेकिन पुलिस कानून के दायरे में काम कर रही है। जिससे खिज कर यह हंगामा किया।