संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। खेड़ा बाजार में देर शाम शहर के लोगों व दुकानदारों की बैठक हुई। इस दौरान रविवार को पीठ बाजार लगने का विरोध किया। लोगों ने कहा कि पीठ बाजार के कारण शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में उद्योग व्यापार मंडल हरियाणा के प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र मित्तल पहुंचे। बैठक मंडल प्रधान कमल तनेजा, सचिव अंकुर माहेश्वरी, गुरदीप पाल की अध्यक्षता में बुलाई गई। बैठक में हर रविवार को जगाधरी में लगने वाले पीठ बाजार से होने वाली परेशानियों पर चर्चा की गई। बैठक में दुकानदारों के साथ स्थानीय लोग भी पहुंचे।
इस दौरान शहरवासी कमल तनेजा, संजीव गुप्ता, दयानंद कांबोज, अंकुर माहेश्वरी, आशीष मित्तल, शुभम कक्कड़, विजय सेठी, प्रदीप भाटिया, वासु जैन, भावेश अग्रवाल, रमेश मित्तल, गुरदीप पाल, राजेश दत्त, अमित गुप्ता, विवेक शर्मा ने बताया कि पीठ बाजार के लिए सड़कों पर अतिक्रमण किया जाता है। इससे यहां से निकलने का रास्ता नहीं होता है। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र मित्तल ने कहा यह क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या है। फड़ी बाजार से जाम लगता है। जाम भी ऐसा होता है कि आपातकाल में यहां से सेवाएं पहुंचाना भी मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इसे लेकर दुकानदार व शहरवासी मंगलवार को डीसी व एसपी से मिलेंगे। उन्हें इस समस्या संबंधी ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं बुधवार को जीएसटी एवं आरटीओ से मिलकर समस्या से अवगत कराकर निराकरण की मांग की जाएगी।