संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिला समाधान शिविर में वीरवार को 13 शिकायतें रखी गई। इस दौरान लोगों ने परिवार पहचान पत्र, प्रॉपर्टी आईडी, सफाई, रजिस्ट्री, राशन कार्ड व पेंशन बनवाने सहित अन्य समास्याएं रखी। कुछ शिकायतों का मौके पर समाधान किया गया। जबकि अन्यों के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को समाधान के लिए निर्देश दिए गए। सामधान शिविर नगराधीश पीयूष गुप्ता के नेतृत्व में लगाया गया।
शिविर में उषा कॉलोनी निवासी जसविंद्र कौर, यमुनानगर निवासी अर्जुन दास ने प्रॉपर्टी आईडी ठीक करवाने बारे समस्या रखी। जबकि जम्मू कॉलोनी निवासी संतोष रानी, पांसरा निवासी सतीश कुमार, भगवानपुर निवासी बलविंदर सिंह, छौली निवासी मलकीत कौर ने परिवार पहचान पत्र ठीक करवाने की समस्याएं रखी।
इसके अलावा गांव तारनवाला निवासी गौरव कुमार ने जमीन तक्सीम करवाने बारे, मानकपुर निवासी धर्मदेव ने सड़क पर रोलिंग लगवाने का मामला रखा। गांव ठसका खादर निवासी लक्ष्मीचंद ने बीपीएल राशन कार्ड बनवाने और शादीपुर निवासी मुर्शीदा ने राशन कार्ड बनवाने की समस्या रखी। विकास नगर निवासी दिव्या ने रजिस्ट्री ठीक करवाने के बारे में समस्या रखी।
मुकारमपुर निवासी नायब कौर ने विधवा पेंशन लगवाने की मांग की। जबकि 200 क्वार्टर कॉलोनी इंडस्ट्री एरिया वार्ड नंबर 15 निवासियों ने कॉलोनी की सफाई की समस्या रखी। इस दौरान सीटीएम ने कहा कि शिविर में समस्याओं को लेकर आए प्रार्थी की समस्याओं को मौके पर ही निपटान करने का भरसक प्रयास करें।
यदि कोई समस्या का समाधान दस्तावेजों या अन्य जांच पर आधारित है तब भी उसका समयबद्ध होकर जल्द निपटान करवाना सुनिश्चित करें। सरकार के निर्देशों पर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने के उद्देश्य से यह शिविर लगवाए जा रहे है। यह शिविर सप्ताह में दो दिन सोमवार व वीरवार सुबह 10 से 12 बजे तक लगाए जाते हैं। इस दौरान अंडर ट्रेनिंग आईएएस सुमन यादव, निगम उपायुक्त कुलदीप मलिक, डीएसपी कंवलजीत सिंह, अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।