संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भले ही कांग्रेस में गुटबाजी नजर आई हो, लेकिन संगठन चुनाव में सभी एकजुट दिखाई रहे हैं। वीरवार को संगठन चुनाव के लिए आए राष्ट्रीय नेतृत्व के पदाधिकारी के सामने सभी गुटों के कार्यकर्ता व पदाधिकारी एक ही छत के नीचे दिखाई दिए। यह नजारा हरियाणा कांग्रेस प्रभारी बीके हरिशंकर यमुनानगर पहुंचने पर देखने को मिला। यहां हरिशंकर ने कहा कि कोई कांग्रेस से नहीं जा रहा है। बल्कि भाजपा से कांग्रेस में आ रहे हैं। वाशिंग मशीन खराब हो गई है।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस के विधायकों का भाजपा में आने वाले प्रदेशाध्यक्ष मोहन बडौली के बयान का अक्रामक रूप में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से कोई कहीं नहीं जा रहा है। बल्कि बीजेपी से कांग्रेस में आ रहे हैं। भाजपा की वाशिंग मशीन खराब हो गई है। अब यहां से कोई नहीं जाने वाला है। जल्द ही कई लोग कांग्रेस में आने वाले हैं।
प्रदेश प्रभारी बीके हरिशंकर यहां पर राष्ट्रीय कांग्रेस के संगठन निर्माण अभियान के तहत यहां पहुंचे थे। वहीं, इस दौरान सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकता दिखाई। गुटों में बंटी कांग्रेस एकजुट नजर आई और सभी ने पार्टी हित में कार्य करना अपना पहला कर्तव्य बताया। यहां उन्होंने सभी वरिष्ठ व कनिष्ठ कार्यकर्ताओं से बातचीत की और जिलास्तर की राजनीति को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम में राहुल गांधी का केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।
उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी का अपना कोई गुट नहीं और सभी का गुट कांग्रेस है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि भाजपा देश से भाईचारा खत्म करने का प्रयास कर रही है, जो वह बिल्कुल नहीं होने देगी। नए संगठन में सभी आयु, वर्गों व क्षेत्रों के कर्मठ कार्यकर्ताओं को मौका दिया जाएगा।
मृत को संगठन में पद देने के सवाल पर हरिशंकर ने कहा कि यह युवा कांग्रेस का मामला है। इसी उन्हें सटीक जानकारी नहीं है। ऐसा किसी भूल के चलते हुआ है उसके बारे जांच की जा रही है। कांग्रेस में कोई गुट नहीं है, सभी का गुट कांग्रेस है। सभी को साथ लेकर चलने वाले को ही मौका दिया जाएगा। इसके लिए नाम चयनित कर हाईकमान को भेजे जाएंगे। इस दौरान अंबाला लोकसभा सांसद वरुण चौधरी, जगाधरी विधायक अकरम खान, साढौरा विधायक रेनूबाला आदि उपस्थित रहे।