संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिन लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस में जन्मतिथि, महीना या साल गलत है, वह इसे ठीक कराने के लिए ई-दिशा केंद्रों में भटक रहे हैं। वह फाइल तैयार करवा कर ई-दिशा केंद्र में जाते हैं, लेकिन वहां तैनात कर्मचारी एक ही जवाब देता है कि पोर्टल पर जन्म तिथि या साल ठीक करने का विकल्प नहीं आ रहा है।
कभी कहते हैं कि विकल्प आ गया है लेकिन इस बारे में मुख्यालय से फिलहाल उनके पास कोई पत्र नहीं आया है। उम्मीद है कि एक से डेढ़ माह में गलती को ठीक करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वहीं इस पूरे मामले में कोई बड़ा झोल लग रहा है। वह इसलिए कि एसडीएम व्यासपुर कार्यालय में इस गलती को ठीक किया जा रहा है, लेकिन एसडीएम जगाधरी के अधीन ई-दिशा केंद्र में नहीं, जबकि दोनों का पोर्टल एक ही है।काफी लोग ऐसे हैं जिन्होंने एसडीएम कार्यालय जगाधरी से ड्राइविंग लाइसेंस बनवा रखे हैं। इनमें ऐसे लोग भी हैं जिनके ड्राइविंग लाइसेंस में जन्म तिथि, जन्म का महीना या साल गलत प्रिंट हुए हैं। इनमें कई बार डीएल को प्रिंट करते समय कर्मचारियों से गलती हो जाती है तो कई बार दस्तावेजों में ही कोई कमी होती है।
जन्म संबंधित दस्तावेज फाइल के साथ लगाकर इसे एसडीएम कार्यालय में जमा करवा कर गलती को ठीक कराया जा सकता है। आठ-नौ माह पहले मुख्यालय से इस विकल्प को बंद कर दिया गया था। इससे लोग काफी परेशान हैं। जिन लोगों को पता नहीं है वह फाइल बनवा कर एसडीएम जगाधरी कार्यालय परिसर में बनी ई-दिशा में में जा रहे हैं।
यह बैठे कर्मचारी यह कह कर फाइल लौटा देते हैं कि पोर्टल पर गलती ठीक करने का विकल्प नहीं आ रहा। कभी कहते हैं कि पोर्टल पर विकल्प तो आ गया है, लेकिन इस बारे में अभी उनके पास सरकार से कोई पत्र नहीं आया है। इसलिए वह इस विकल्प पर क्लिक नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में लोगों की परेशानी बढ़ गई है। हर दूसरे-तीसरे दिन लोग ई-दिशा केंद्र में आते हैं और हताश होकर वापस लौट जाते हैं।
ड्राइविंग लाइसेंस में जन्मतिथि संबंधित कोई गलती ठीक करने का विकल्प पहले मुख्यालय से होता था। कुछ माह पहले इसे बंद कर दिया गया था। अब मेरे कार्यालय से ही इसे ठीक किया जा सकता है। यदि किसी के ड्राइविंग लाइसेंस में जन्मतिथि से संबंधित कोई गलती ह,ै तो वह इसे ठीक करवा सकता है। - सोनू राम, एसडीएम जगाधरी।