संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ का साक्षी बनने के लिए हर उम्र वर्ग के लोगों में उत्साह है। प्रयागराज के लिए यमुनानगर से कोई सीधी ट्रेन या हरियाणा रोडवेज की बस नहीं हैं। इस पर लोग निजी बसों व टैक्सी से महाकुंभ में स्नान करने के लिए प्रयागराज जाने का मन बना रहे हैं।
निजी बस ऑपरेटरों की एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि एक सप्ताह से रोज 20-30 लोग प्रयागराज के लिएकिराया पूछने आ रहे हैं, जिससे उम्मीद है 10-15 निजी बसें प्रयागराज जाएंगी। ऐसे ही टैक्सी चालकों की मानें तो एक हफ्ते में प्रयागराज के लिए दो से तीन बुकिंग आई है, वहीं काफी लोग किराया पूछ कुछ दिन में बुकिंग करने की कह गए हैं।
इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिले के लोगों में प्रयागराज जाने की होड़ हैं, जिसमें महंगा साधन होने के बावजूद निजी बस व टैक्सी से भी लोग यात्रा की योजना बना रहे हैं। निजी बस ऑपरेटर यूनियन के तरसेम सिंह गोगा ने बताया कि एक सप्ताह से प्रयागराज के लिए जाने को लोग किराया पूछने आ रहे हैं।
हर निजी बस ऑपरेटरों के पास रोज औसत 20-30 लोग निजी बस से प्रयागराज जाने के लिए किराया पूछने आ रहे हैं। उन्हें बताया जा रहा है कि सामान्य व स्लीपर क्लास बस से प्रयागराज आने-जाने को पूरी बस बुक हो रही है। इसमें सामान्य बस का 1.10 लाख व स्लीपर बस 1.30 लाख रुपये किराया है। सामान्य बस 52 से 56 सीटर और स्लीपर बस में 70 सवारी आ सकती है।
टैक्सी चालक विक्की मेहरा, राजेंद्र व सन्नी ने बताया कि हफ्तेभर में प्रयागराज के लिए हर दिन दो से तीन बुकिंग आई है, जिसमें कारों सहित कैब, ट्रैवलर की भी शामिल है। काफी लोग तो किराया पूछ कुछ दिन में बुकिंग करने की कहकर जा रहे हैं। उम्मीद है कि जिले में अकेले शहरी क्षेत्र से 30 से 50 टैक्सी प्रयागराज के लिए जाएंगी।