रादौर। हरियाणा पेंशनर्स वेलफेयर सोसायटी की मासिक बैठक रविवार को शहर की कांबोज धर्मशाला में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान ओमप्रकाश बड़शामी ने की। बैठक में पेंशनरों की समस्याओं और मांगों पर मंथन किया गया।
सदस्यों ने चिकित्सा सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और पेंशनरों को मिलने वाली राहत संबंधी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बैठक में मांग की गई। इसमें कैशलेस चिकित्सा योजना सभी बीमारियों पर लागू की जाए, मेडिकल भत्ता बढ़ाकर तीन हजार रुपये किया जाए तथा 18 माह का लंबित डीए बहाल किया जाए।
इसके अलावा अदालतों के निर्णय सभी पेंशनरों पर लागू करने और 65, 70 व 75 वर्ष की आयु पर क्रमश: पांच, 10 व 15 प्रतिशत अतिरिक्त लाभ देने की मांग भी उठाई गई। बैठक में पारित प्रस्तावों को संबंधित अधिकारियों को भेजने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर बलजीत रोहिला, कुलदीप शर्मा, राजपाल, रामेश्वर दास सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।