एमटी करहेड़ा गांव समीप शनिवार देर शाम रेत से लदे ट्रक की टक्कर से घायल राहगीर ने रविवार अलसुबह पीजीआई में दम तोड़ दिया। हादसे के समय आरोपी ट्रक चालक को पुलिस ले जा रही थी, तब गुस्साए लोगों ने उन्हें रोक लिया। साथ ही मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान काफी देर तक नारेबाजी कर रोष जताया। सूचना पर डीएसपी गुरमेल सिंह, थाना रादौर प्रभारी अनंत राम मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया।
डीएसपी ने लोगों की ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने व गांव में स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग पर आश्वासन दिया कि वह मामले में डीसी से उनकी बात कराएंगे। इस पर करीब दो घंटे बाद लोगों ने जाम खोल दिया और यातायात सुचारू हुआ। बाद में पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। एमटी करहेडा निवासी 27 वर्षीय मांगाराम गांव में बने अपने पुराने मकान से इंदिरा कॉलोनी में बने नए मकान में जा रहा था। जब वह एससी चौपाल समीप पहुंचा तो पीछे से तेज रफ्तार रेत से लदे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। जिससे मांगाराम गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी और घायल अवस्था में मांगाराम को रादौर अस्पताल पहुंचाया। जहां से मांगाराम को यमुनानगर रेफर कर दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रेफर किया गया। जहां मांगाराम ने अलसुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने उसके छोटे भाई राजन की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। मांगाराम खजूरी गांव स्थित फैक्ट्री में कार्य करता था और अविवाहित था। उसके पिता मजदूरी कर परिवार का गुजारा चला रहे हैं। मांगाराम की मौत से उसके घर व गांव में मातम पसर गया।