संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में इंतकाल के लिए 1300 रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में पटवारी को निलंबित कर दिया गया, जबकि तहसीलदार के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए गए। समिति की बैठक में मुसिंबल गांव निवासी रेखा रानी ने इस संबंध में परिवहन एवं महिला बाल विकास विभाग के मंत्री असीम गाेयल को शिकायत दी थी।
लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में रेखा रानी ने बताया कि ससुर की मौत के बाद जमीन का इंतकाल अपने पति के नाम चढ़वाने के लिए वे छछरौली पटवारखाने में चक्कर काटती रहीं। जब इंतकाल चढ़ा तो तहसील के पटवारी राम कृष्ण गोपाल ने पीड़िता से खर्चा-पानी मांगना शुरू कर दिया। पीड़िता ने पटवारी के मुंशी को 600 रुपये दे भी दिए, परंतु पटवारी इतने से संतुष्ट नहीं हुआ।
पटवारी ने 1300 रुपये की मांग की। इस आशय की शिकायत मिलने पर परिवहन एवं महिला बाल विकास विभाग के मंत्री असीम गाेयल ने वीरवार को छछरौली तहसील के पटवारी राम कृष्ण गोपाल को सस्पेंड कर दिया। साथ ही इंतकाल के लिए परेशान करने के आरोप में छछरौली की तहसीलदार सुदेश के खिलाफ भी जांच के आदेश दिए। समिति की बैठक में 18 शिकायतें आईं, जिसमें 13 का निस्तारण किया गया।
खनन के मामले में कार्रवाई के दिए निर्देश
नैनावाली गांव के सुभाष कुमार ने शिकायत दी थी कि उनके गांव की पंचायती जमीन पर मुनव्वर ने स्क्रीनिंग प्लांट लगाया हुआ है। इसकी आड़ में वह अवैध खनन कर रहा है। उसे कई बार कहा भी गया लेकिन वह जान से मारने की धमकियां देता है। मामले में शिकायतकर्ता सुभाष बैठक में नहीं पहुंचे। इस पर मंत्री ने कहा कि जो भी शिकायतकर्ता लगातार दो बार बैठक में नहीं आएगा उसकी शिकायत नहीं ली जाएगी। इस संबंध में मंत्री असीम गोयल ने खनन अधिकारी राजीव धीमान से रिपोर्ट तलब की। राजीव धीमान ने उन्हें बताया कि मौके पर अवैध खनन होता पाया गया। इसे लेकर मुनव्वर को नोटिस जारी किया है। साथ ही उसका एमडीएल रद्द करने तथा बिजली निगम को उसका कनेक्शन काटने व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को भी कार्रवाई के लिए लिखा है। मंत्री ने इन दोनों विभागों के एसई, एक्सईएन, एसडीओ व क्षेत्रीय अधिकारी को भी मंच पर बुला लिया और पूछा कि उन्होंने क्या कार्रवाई की है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खरी खोटी सुनाई। साथ ही मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रदूषण बोर्ड के अधिकारी से बोले मंत्री ... तो अगली बार आप चक्कर काटेंगे
बैठक में ईशोपुर गांव के जनार्दन, संदीप शर्मा व अन्य ग्रामीणों ने मंत्री को बताया कि गांव की आबादी के पास पतासगढ़ के प्रवीण द्वारा सीएनजी प्लांट से जहरीला रासायन व शुगर मिल का कचरा गिराया गया है। इससे गांव में बदबू का माहौल है। नगर निगम के अधिकारी भी इस बारे में कोई कार्रवाई नहीं कर रहे। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों ने 15 दिन में रसायन को उठवाने का आश्वासन दिया था लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आरओ वीरेंद्र पूनिया से मंत्री ने रिपोर्ट ली तो उन्होंने बताया कि बोर्ड की तरफ से नोटिस दिया गया था, जिसका 15 दिन का समय आज समाप्त हो रहा है। इस पर मंत्री ने ग्रामीणों से कहा कि अब उन्हें दोबारा नहीं आना पड़ेगा। मंत्री ने आरओ से कहा कि फैक्टरी संचालक पर कार्रवाई करें। इस बार तो लोग चक्कर काट रहे हैं, नहीं तो अगली बार आप चक्कर काटेंगे। साथ ही आबादी के पास जो भी रसायन व सामान है उसे फैक्टरी संचालक के खर्च पर ही उठाया जाए।