हर बार किसी न किसी लापरवाही के चलते चर्चाओं में रही कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय एक बार फिर अपनी गलती के चलते चर्चाओं में आ गई है। इस बार विश्वविद्यालय द्वारा दो परीक्षार्थियों का एक ही रोल नंबर जारी कर दिया। अब दोनों परीक्षार्थी अपने रोल नंबर को लेकर परेशान हैं।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा पानीपत निवासी वीनित कुमार व राजीव कुमार का रोल नंबर एक ही जारी कर दिया और दनका सेंटर भी आईबी कॉलेज में दे दिया। बीए तृतीय वर्ष के परीक्षार्थी हैं। एक परीक्षार्थी का रोल नंबर ऑरिजनल स्लिप पर दिया गया है, जबकि दूसरे का डुप्लीकेट जारी किया गया है। वीनित कुमार व राजीव कुमार ने बताया वह एक ही रोल नंबर मिलने पर चिंतित हैं। उनको बुधवार को डिस्टेंस की परीक्षा देने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. मधु शर्मा ने बताया कि दो परीक्षार्थियों ने मिलकर एक ही रोल नंबर जारी किए जाने की जानकारी दी है। इस बारे में विश्वविद्यालय अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। परीक्षार्थियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी गई।