छछरौली
ग्राम पंचायत तुगलपुर मे पंचायत ने फरमान जारी करते हुए कहा कि गांव में शराब व अन्य मादक पदार्थ बेचने वालों पर पंचायत की तरफ से ₹20000और नशे में धुत होकर गाली गलौज करने वाले व गांव की शांति भंग करने वाले पर ₹2000 जुर्माना लगाया जाएगा। पंचायत के इस निर्णय का सभी ग्रामीणों ने स्वागत किया और नशाखोरी के खिलाफ एकजुट अभियान चलाने पर अपनी सहमति जाहिर की है। सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार ने बताया कि तुगलपुर गांव में कई जगह पर अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी। जिसके कारण ग्रामीण काफी परेशान हो चुके थे। इसके लिए गांव के मौजूद लोगों और पंचायत की सहमति से गांव में बिक रही अवैध रूप से शराब की बिक्री को रोकने के लिए पंचायत कर अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही और जुर्माने लगाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
वहीं दूसरी तरफ ग्राम पंचायत देवघर की तरफ से भी सर्वसम्मति से पंचायत कर गांव में मुनादी के जरिए ऐलान करवाया गया कि यदि कोई व्यक्ति बिना मास्क के घूमता हुआ दिखाई दिया या कोई दुकानदार अधिक रेट पर सामान बेचता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्यवाही और जुर्माना लगाया जाएगा। देवघर गांव की सरपंच उमा देवी ने बताया कि बिना मास्क घूमने वाले व्यक्ति पर पंचायत की तरफ से ₹500 जुर्माना किया जाएगा और कीमत से अधिक सामान बेचने वाले के खिलाफ पंचायत की ओर से कानूनी कार्यवाही करवाई जाएगी। उन्होंने बताया इसके लिए सभी ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए एक मुनादी भी करवाई गई।